अब त्‍यौहार में नहीं होगी टिकट की किचकिच, रेलवे ने दी दस शहरों को दी स्‍पेशल सौगात, जानें किन स्‍टेशनों से गुजरेगी ट्रेन

अब त्‍यौहार में नहीं होगी टिकट की किचकिच, रेलवे ने दी दस शहरों को दी स्‍पेशल सौगात, जानें किन स्‍टेशनों से गुजरेगी ट्रेन


Railway News: यदि त्‍यौहार के इस सीजन में आप ट्रेन की टिकट हासिल करने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं तो भारतीय रेलवे की तरफ से आपके लिए राहत भरी खबर आई है. रेलवे ने टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए दस शहरों को स्‍पेशल सौगात दी है. दरअसल, इस त्योहारी सीजन के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और टिकट की मारामारी को देखते हुए उत्तर रेलवे ने अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है.

उत्तर रेलवे के अनुसार, सहारनपुर जंक्शन से वाराणसी और वाराणसी से सहारनपुर जंक्शन के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. इस ट्रेन को त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने और सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए चलाया जा रहा है. हालांकि, य‍हां पर यह ध्यान रखना जरूरी है कि रेलवे ने फिलहाल इस ट्रेन के लिए एक-एक ट्रिप निर्धारित की है.

सहारनपुर से वाराणसी तक चलेगी यह ट्रेन

उत्तर रेलवे के शेड्यूल के मुताबिक, ट्रेन नंबर 04552 सहारनपुर-वाराणसी अनारक्षित स्पेशल 30 अक्टूबर 2026 को सहारनपुर जंक्शन से रवाना होगी. ट्रेन दोपहर 2 बजे सहारनपुर से अपनी यात्रा शुरू करेगी और अगले दिन सुबह 7 बजे वाराणसी पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 04551 वाराणसी-सहारनपुर अनारक्षित स्पेशल 2 नवंबर 2026 को वाराणसी से रवाना होगी. यह ट्रेन दोपहर 2 बजे वाराणसी से चलकर अगले दिन सुबह 7 बजे सहारनपुर जंक्शन पहुंचेगी.

किन-किन स्टेशनों से गुजरेगी ट्रेन? यहां देखें पूरा रूट
सहारनपुर से वाराणसी जाने वाली ट्रेन रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसमें मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और रायबरेली जैसे स्टेशन शामिल हैं. इसके अलावा प्रतापगढ़ और जंघई के यात्रियों को भी इस स्पेशल ट्रेन का फायदा मिल सकता है.

किस स्टेशन पर कितने बजे पहुंचेगी ट्रेन?

रेलवे की ओर से जारी टाइमटेबल के अनुसार, यह ट्रेन सहारनपुर जंक्‍शन से चलकर वाराणसी तक का सफर तय करेगी. रास्‍ते में यह ट्रेन आठ स्‍टेशनों पर रुकेगी.

स्टेशन 04552 सहारनपुर से वाराणसी 04551 वाराणसी से सहारनपुर
सहारनपुर जंक्शन 14:00 प्रस्थान 07:00 आगमन
मुरादाबाद 17:50–18:00 03:00–03:10
बरेली 19:10–19:12 01:18–01:20
शाहजहांपुर 20:18–20:20 00:08–00:10
हरदोई 21:18–21:20 23:03–23:05
आलमनगर 23:35–23:45 21:35–21:45
रायबरेली जंक्शन 01:43–01:45 19:08–19:10
मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन 03:25–03:30 17:30–17:35
जंघई जंक्शन 04:20–04:22 16:23–16:25
वाराणसी 07:00 आगमन 14:00 प्रस्थान

त्योहार में टिकट की परेशानी से कितनी मिलेगी राहत?
त्योहारों के समय घर लौटने वालों की संख्या बढ़ने से कई रूट पर यात्रियों को सीट मिलने में मुश्किल होती है. ऐसे में अनारक्षित स्पेशल ट्रेन उन लोगों के लिए एक अतिरिक्त विकल्प है, जो इस रूट पर सफर करना चाहते हैं. खासतौर पर मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, रायबरेली और प्रतापगढ़ के यात्रियों के लिए यह ट्रेन फायदेमंद हो सकती है. हालांकि, अनारक्षित ट्रेन होने का मतलब यह नहीं है कि इसमें भीड़ नहीं होगी. त्योहारों के दौरान इसमें भी यात्रियों की संख्या ज्यादा रह सकती है.



Source link