LIVE: स्पेन में टकरा गई दो हाईस्पीड ट्रेन, कम से कम 46 लोगों की मौत, 179 घायल
Last Updated:
Spain Train Accident Live Updates: यह रेल हादसा मध्य स्पेन के टोलेडो प्रांत में उर्दा के पास हुई. यहां दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 46 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 179 लोग घायल हुए हैं. स्पैनिश प्रधानमंत्री ने इसे बेहद ‘गंभीर’ रेल हादसा बताया है.
स्पेन में दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 46 लोगों की मौत (Video Grab)
स्पेन में बुधवार सुबह दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर से बड़ा रेल हादसा हो गया. यह दुर्घटना मध्य स्पेन के टोलेडो प्रांत में उर्दा के पास हुई. स्पैनिश प्रधानमंत्री ने इसे एक ‘गंभीर’ घटना बताया है. इस हादसे में कम से कम 46 लोगों की मौत गई है, जबकि 179 यात्री घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. ऐसे में मृतक की संख्या और बढ़ने की आशंका है. इस रेल हादसे के बाद मैड्रिड से दक्षिणी स्पेन के अंदालूसिया इलाके को जोड़ने वाली हाई-स्पीड रेल लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है.
सीएनएन की रिपोर्ट में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजर ADIF के हवाले से बताया गया है, स्पेन के मध्य प्रांत टोलेडो में मोरा, ओर्गाज़ और उर्डा कस्बों के बीच यह टक्कर हुई. इसमें एक ट्रेन सरकारी कंपनी ‘रेनफे’ (Renfe) की थी, जबकि दूसरी ट्रेन ‘इरियो’ (Iryo) कंपनी की थी.
दोनों ट्रेनें स्पेन की राजधानी मैड्रिड को दक्षिणी अंदालूसिया प्रांत के सेविले शहर से जोड़ने वाले रूट पर चल रही थीं. इस हादसे के कारण मैड्रिड को अंदालूसिया से जोड़ने वाली हाई-स्पीड रेल लाइन को फिलहाल बंद करना पड़ा है.
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा कि वह टोलेडो में हुई इस ‘गंभीर ट्रेन दुर्घटना’ से स्तब्ध हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में सांचेज़ ने बताया कि हादसे से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आपातकालीन सेवाएं मौके पर मौजूद हैं. उन्होंने कहा, ‘मेरी संवेदनाएं और पूरा समर्थन पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है.’
उधर उर्डा के मेयर मैनुअल गैलान ने स्पैनिश रेडियो स्टेशन ‘कैडेना सेर’ के साथ बातचीत में बताया कि नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुरोध पर, प्रशासन घायलों के इलाज के लिए जरूरी इंतजाम कर रहा है. वहीं लॉस येबेनेस के मेयर जीसस पेरेज़ मार्टिन ने ‘TVE एस्पाना’ से बात करते हुए कहा, ‘हमारे पास अभी बहुत कम जानकारी है; मुझे बस इतना बताया गया है कि यह एक गंभीर हादसा है.’
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…