Doodh Peda Recipe : करवाचौथ पर मिलावटी मिठाई नहीं, 3 चीजों से घर पर बनाएं सॉफ्ट दूध पेड़ा, ये रही रेसिपी

Doodh Peda Recipe : करवाचौथ पर मिलावटी मिठाई नहीं, 3 चीजों से घर पर बनाएं सॉफ्ट दूध पेड़ा, ये रही रेसिपी


Doodh Peda Recipe : करवाचौथ का त्योहार हो और पूजा की थाली में मिठाई न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. इस दिन सुहागिन महिलाएं पूरा दिन निर्जला व्रत रखती हैं और चांद देखने के बाद ही अपना व्रत खोलती हैं. ऐसे मौके पर हर कोई चाहता है कि मुंह मीठा करने के लिए कुछ स्‍पेशल और हेल्‍दी चीज हो. लेकिन फेस्टिव सीजन में सबसे बड़ी समस्या है बाजार की मिठाइयों में होने वाली मिलावट. मावे से लेकर चीनी तक, बाजार की मिठाइयों में न जाने क्या-क्या मिलाया जाता है, जो सेहत बिगाड़ सकता है.
ऐसे में अपने और अपने परिवार की सेहत से समझौता करने के बजाय इस करवाचौथ घर पर एकदम शुद्ध और स्वादिष्ट मिठाई बनाएं. अगर आपको लगता है कि घर पर मिठाई बनाना बहुत झंझट का काम है, तो हम आपको बता दें कि ‘दूध पेड़ा’ की एक बेहद आसान रेसिपी झटपट बन जाती है.
सबसे मजेदार बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको न तो घंटों मावा भूनना पड़ेगा और न ही बहुत सारी सामग्री की जरूरत होती है. सिर्फ 3 चीजों से आप मिनटों में हलवाई जैसा सॉफ्ट और मुंह में घुल जाने वाला दूध पेड़ा तैयार कर सकते हैं.

‘दूध पेड़ा’ की एक बेहद आसान झटपट बन जाने वाली रेसिपी है.(pinterest)

दूध पेड़ा बनाने के लिए जरूरी सामग्री:

दूध का पाउडर (Milk Powder): 2 कप
दूध (Milk): 1 कप (उबला हुआ या नॉर्मल)
देशी घी (Desi Ghee): 2 से 3 चम्मच
देशी खंड या पिसी चीनी (Sugar): आधा कप (स्वादानुसार)

नोट- आप चाहें तो फ्लेवर के लिए थोड़ा सा इलायची पाउडर और ऊपर से सजाने के लिए केसर या कटे हुए पिस्ते कर सकते हैं).

बनाने की सबसे आसान विधि:

स्टेप 1: बेस तैयार करें-
सबसे पहले एक पैन या कढ़ाई लें (ध्यान रखें कि अभी गैस ऑन नहीं करनी है). अब पैन में 1 कप दूध, 2 कप मिल्क पाउडर और 2 चम्मच देशी घी डालें. इन तीनों चीजों को चम्मच की मदद से तब तक अच्छे से मिलाएं जब तक कि सारे लंप्स (गांठें) खत्म न हो जाएं और एक स्मूथ घोल न बन जाए.

स्टेप 2: धीमी आंच पर पकाएं-
जब घोल बिल्कुल स्मूथ हो जाए, तब गैस ऑन करें और पैन को बिल्कुल धीमी आंच पर रखें. इसे लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण कढ़ाई के तले में चिपके नहीं. 4 से 5 मिनट में ही आप देखेंगे कि मिश्रण गाढ़ा होने लगा है और मावे का रूप लेने लगा है.

स्टेप 3: चीनी और इलायची मिलाएं-
जैसे ही मिश्रण कढ़ाई छोड़ने लगे और एक डो (आटे) की तरह इकट्ठा होने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब इसमें स्वादानुसार पिसी हुई चीनी और थोड़ा सा इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें.

स्टेप 4: पेड़ों को आकार दें-
जब यह मिश्रण हल्का गुनगुना रह जाए (इतना कि आप इसे हाथों से छू सकें), तो हाथों में थोड़ा सा घी लगाएं. अब मिश्रण से छोटी-छोटी लोई बनाएं और दोनों हथेलियों के बीच गोल करके हल्का सा चपटा कर दें. बीच में अंगूठे से हल्का सा दबाकर पेड़े का शेप दें.

स्टेप 5: सजाएं और सर्व करें-
आपके सॉफ्ट और टेस्टी दूध पेड़े बनकर तैयार हैं! इनके ऊपर बारीक कटे हुए पिस्ते या केसर के धागे लगाकर सजाएं.

इस करवाचौथ पर बाजार की मिलावटी मिठाइयों को टाटा-बाय-बाय कहें और अपने हाथों से बनी इस शुद्ध मिठाई से अपने प्यार का मुंह मीठा कराएं. यह पेड़ा स्वाद में तो लाजवाब है ही, देखने में भी बिल्कुल हलवाई जैसा लगता है!



Source link