35 साल बाद रणजी में हुआ ये चमत्कार, मुशीर ने शतक जड़कर गेंद से उखाड़े 6 विकेट
Last Updated:
रणजी ट्रॉफी 2026-27 मुंबई के लिए मुशीर खान कमाल कर दिया. हरियाणा के खिलाफ मैच में मुशीर ने पहले बल्लेबाजी में शतकीय पारी खेली. इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी में दमदार खेल दिखाते हुए टीम के लिए 6 विकेट हासिल किए, जिससे उनकी टीम ने हरियाणा को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया. साथ ही मुशीर एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
शतक के साथ मुशीर ने लिए 6 विकेट
नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी के तीसरे दौरे के मुकाबले में मुंबई के लिए मुशीर खान ने इतिहास रच दिया. मुशीर ने पहले शतक जड़ा और फिर गेंदबाजी में छह विकेट लेकर हरियाणा की पहली पारी को 270 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. इस तरह मुशीर खान ने रणजी ट्रॉफी में 35 साल पुराने इतिहास को दोहराने का कारनामा किया. मुशीर खान मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी में एक ही मैच में शतक जड़ने के बाद पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले सिर्फ छठे खिलाड़ी बने हैं. आखिरी बार मुशीर से पहले ये कारनामा दिग्गज रवि शास्त्री ने 1990-91 रणजी सीजन में किया था.
मुशीर ने हरियाणा के खिलाफ शुरुआती पांच विकेट अपने नाम किए. निशांत सिंधू ने 105 रन की नाबाद पारी खेलकर एक छोर संभाले रखा और अपनी टीम को कुछ हद तक राहत दिलाई. मुंबई ने पहली पारी में 430 रन बनाए थे. इसके जवाब में हरियाणा की टीम 270 रन पर सिमट गई, जिससे मेजबान टीम को 160 रन की बढ़त मिली.
लगातार तीसरी जीत और बोनस अंक लिए मैदान पर उतरी है मुंबई
लगातार तीसरी जीत बोनस अंक के साथ हासिल करने के इरादे से उतरी मुंबई ने हरियाणा को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया. तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक हरियाणा ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 73 रन बना लिए थे. टीम अब भी 87 रन पीछे है और उसके आठ विकेट शेष हैं. अंतिम दिन टीम को ऐसी पिच पर बल्लेबाजी करनी होगी जो काफी खुरदरी हो गयी है.
हरियाणा की मुश्किलें उस समय और बढ़ गईं, जब सलामी बल्लेबाज हिमांशु राणा सिल्वेस्टर डिसूजा की गेंद हेलमेट पर लगने के बाद चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए. इससे पहले कप्तान अंकित कुमार को तनुष कोटियान ने आउट किया था. दूसरी पारी में सिंधू 22 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे. यशवर्धन दलाल 13 रन बनाकर नाबाद थे.