Modi Kahin Nahin Jayega: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर की गई ‘बाप’ वाली टिप्पणी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपना अभियान तेज करते हुए एक गीत जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे क्योंकि जनता ने ‘उन्हें चुना’ है. भाजपा के शीर्ष नेताओं से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के अनेक पदाधिकारियों ने ‘एक्स’ और ‘इंस्टाग्राम’ जैसे सोशल मीडिया मंचों पर इस मुद्दे को लेकर पोस्ट साझा किए. इन पोस्ट में यह गीत साझा किया गया जिसमें मोदी की विभिन्न तस्वीरें दिखाई गई हैं.
भाजपा नेताओं संबित पात्रा, पीयूष गोयल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी अपने-अपने ‘एक्स’ खातों पर इस गीत का वीडियो साझा किया. गीत में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बार-बार कहा गया है, ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा.’ गीत के बोल हैं, ‘…आंखें झुका लो, कान खोल के सुन लो, मोदी कहीं नहीं जाएगा, मोदी कहीं नहीं जाएगा.’
इसमें विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा गया है, ‘तुमने सोचा झुका दोगे, पर शेर नहीं झुकता, जनता का जो साथ है, वो कभी नहीं रुकता.’ विपक्ष पर अपशब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए गीत में कहा गया है, ‘तुम गाली पे गाली दो, वो काम दिखाता है, सपनों के भारत को वो आगे बढ़ाता है.’ गीत में कहा गया है, ‘कान खोल कर सुनो, ये देश मोदी का है, मोदी कहीं नहीं जाएगा.’
मोदी के खिलाफ खरगे की विवादास्पद टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। दोनों दल एक-दूसरे पर निशाना साधने के लिए वीडियो, ग्राफिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार सामग्री साझा कर रहे हैं. 25 अक्टूबर को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान जब एक व्यक्ति ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’ तो खरगे ने जवाब दिया, ‘मोदी का बाप भी जाएगा.’ उनकी इस टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया था. खरगे ने बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में यह टिप्पणी की.
इस बीच, कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर राहुल गांधी का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर देश में ‘वोट चोरी’ में शामिल होने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने कहा कि ये लोग जनता से डरे हुए हैं और अंततः पकड़े जाएंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सभी के सामने सबूत रख दिए हैं और ये लोग कहीं भाग नहीं सकते.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र की सरकारों पर वोट चोरी का आरोप लगाया. खरगे ने कहा कि पार्टी इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराएगी, उनकी पोल खोलेगी और उन्हें जेल भिजवाएगी.