Last Updated:
IND vs NZ Test Series: जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत दोनों को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. यह सीरीज 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन और 27 नवंबर से एक दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में खेली जाएगी. मगर अब खबर है कि भारत के ये दोनों दिग्गज सात नवंबर से लिंकन में शुरू होने जा रहे तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेल सकते हैं.
भारत के महानतम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और सीनियर विकेटकीपर ऋषभ पंत इंजरी से उबरने के बाद एक्शन में आ चुके हैं. खबर है कि दोनों न्यूजीलैंड दौरे पर दो टेस्ट मैच की सीरीज से पहले अपनी तैयारियां पुख्ता करने के लिए न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेल सकते हैं.
जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत दोनों खिलाड़ी फिलहाल बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) में अभ्यास कर रहे हैं. पंत शुक्रवार को यहां पहुंचे थे जबकि बुमराह सोमवार को पहुंचे.
‘क्रिकइन्फो’ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘बुमराह का सीओई दौरा न्यूजीलैंड के लिए एक नवंबर को रवाना होने से पहले किसी भी सीरीज में खेलने के लिए सभी खिलाड़ियों की अनिवार्य ‘वापसी से खेल प्रक्रिया’ की शर्तें पूरी करने के उद्देश्य से है.’
Add News18 as
Preferred Source on Google
बुमराह इस महीने की शुरुआत में जापान में भारत के एशियाई खेलों के अभियान का हिस्सा थे जिसमें टीम ने स्वर्ण पदक जीता था, इसके बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है, उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीमित ओवरों की सीरीज के अलावा न्यूजीलैंड दौरे पर जारी टी-20 अंतरराष्ट्रीय और एकदिवसीय मुकाबलों से भी आराम दिया गया था.
ऋषभ पंत अक्टूबर की शुरुआत में ईरानी कप के दौरान चोट का शिकार हो गए थे. उस मुकाबले में उन्होंने शेष भारत टीम की कप्तानी की थी जिसने जम्मू-कश्मीर को हराया था. इस चोट के कारण पंत दिल्ली के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले और न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले दो चार दिवसीय मैचों में भी नहीं खेल सके.
रिपोर्ट के अनुसार पंत ने सीओई में हल्का अभ्यास फिर से शुरू कर दिया है, जिसमें बल्लेबाजी की ड्रिल भी शामिल हैं, लेकिन उन्होंने अभी विकेटकीपिंग शुरू नहीं की है. पंत की गैरमौजूदगी में झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को शुरुआती दो मैच के लिए टीम में शामिल किया गया था. झारखंड के कप्तान कुशाग्र को जारी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में ईशान किशन के विकल्प के तौर पर भी चुना गया है. किशन दाएं पैर की मांसपेशी में खिंचाव के कारण चोटिल हो गए थे.