करवा में कौन सी चीजें डालनी हैं जरूरी? जिनके बिना व्रत नहीं होगा पूरा, जानें
Last Updated:
Karwa Chauth 2026 Karwa Samagri: इस साल करवा चौथ 29 अक्टूबर को है. इसमें महिलाएं निर्जला व्रत रखकर पूजा करती हैं. पूजा में करवा रखते हैं, जो मिट्टी का बना होता है, जिसमें एक टोंटी निकली रहती है. पूजा में एक या दो करवा रखते हैं. दो करवा फेरने के लिए रखा जाता है. करवा एक ऐसी चीज हैं, जिसमें बिना व्रत पूरा नहीं होता है क्योंकि उससे ही चंद्रमा को जल अर्पित करते हैं. आइए जानते हैं कि करवा में कौन-कौन सी चीजें डालते हैं?
करवा में कौन-कौन सी चीजें डालते हैं? (Photo: AI)
Karwa Chauth 2026 Karwa Samagri: करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर गुरुवार को रखा जाएगा. इस दिन महिलाएं अपने जीवनसाथी की लंबी आयु, उत्तम सेहत और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए सूर्योदय से चंद्रोदय तक व्रत रखती हैं. इस व्रत में अन्न और जल का सेवन पूर्णतया वर्जित है. इस व्रत में करवा का उपयोग किया जाता है, जिसके बिना व्रत पूरा नहीं हो सकता है. करवा को करवा माता का प्रतीक मानते हैं. इस व्रत में चंद्रमा को अर्घ्य देते हैं, तभी यह व्रत पूर्ण होता है और उसके बाद पारण करके व्रत को पूरा करते हैं. क्या आपको पता है कि पूजा के लिए करवा में क्या-क्या चीजें डालते हैं? अगर आपको पहली बार व्रत रखना है तो इसके बारे में जानना जरूरी है.
करवा में क्या चीजें डालते हैं?
- करवा चौथ की पूजा स्थान के अनुसार थोड़ी बहुत अलग-अलग होती है. चौथ पूजा वाले करवा में महिलाएं शुद्ध जल भरती है. उसमें ही गंगाजल मिला देती हैं.
- करवा में जल डालने के अलावा गाय का कच्चा दूध भी डाल सकते हैं. ध्यान रखें कि वह दूध गर्म किया हुआ न हो. हालांकि दूध न हो तो परेशान होने की जरूरत नहीं है.
- करवा से ही चंद्रमा को अर्घ्य देते हैं, इसलिए उसमें थोड़ा सा अक्षत् और सफेद चंदन मिलाते हैं.
- इसके अलावा आप सफेद रंग के फूल भी उस करवा में डाल सकते हैं.
- करवा में डालने वाली इन सभी वस्तुओं का संबंध चंद्रमा से होता है. ये करवा अर्घ्य देने के लिए होता है.
- कुछ स्थानों पर एक और करवा रखते हैं, जो फेरने के लिए रखा जाता है.
- दूसरे करवा में गेहूँ या चावल, जौ या चना, खील-बताशे, मखाने, काजू, बादाम, किशमिश, गुड़ या मिठाई, सिक्का आदि डालते हैं.
- करवा में अनाज की जगह पर पूरी, चावले के आटे से बने लड्डू, मिठाई आदि रखते हैं. जब पूजा हो जाती है, तो इन्हें प्रसाद के तौर पर सबको बांट देते हैं.
- आपके यहां करवा से जुड़े जो विधि विधान या परंपराएं हैं, उनके अनुसार ही अपनी तैयारी करें.