Last Updated:
Jordan Airstrike in Syria killed 8: जॉर्डन की ओर से सीरिया पर एयरस्ट्राइक की गई है, जिसमें कुल 8 लोगों के मारे जाने की खबर है. सीरिया ने इस हमले को लेकर आपत्ति जताते हुए मेन बॉर्डर क्रॉसिंग बंद कर दी है, जबकि जॉर्डन लगातार कह रहा है कि निशाने पर आतंकी ठिकाने थे.
जॉर्डन की स्ट्राइक में मारे गए 8 सीरियाई. (क्रेडिट- रॉयटर्स)
जॉर्डन ने 26 अक्टूबर को दक्षिणी सीरिया में आतंकी संगठनों के ठिकानों पर हवाई हमले का दावा किया. जॉर्डन की सेना के मुताबिक ये कार्रवाई पिछले हफ्ते देश में एक चर्च पर हुए जानलेवा हमले के जवाब में की गई. बम बरसने के बाद सीरिया के अधिकारियों ने दावा किया कि इन हवाई हमलों में तीन बच्चों समेत 8 नागरिकों की मौत हो गई और चार और लोग जख्मी हुए हैं. यहां पर दोनों देशों के बीच विवाद ये है कि जॉर्डन इसे आतंकी ठिकानों पर हमला बता रहा है, जबकि सीरिया आम नागरिकों पर.
जॉर्डन की सेना की ओर से कहा गया है कि उसकी वायुसेना ने कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, जहां उन समूहों के सदस्य मौजूद थे, जिनका संबंध चर्च पर हुए हमले से होने का संदेह है. हालांकि सीरिया ने जॉर्डन की इस सैन्य कार्रवाई पर आपत्ति जताई है और इसके विरोध में एक मुख्य बॉर्डर क्रॉसिंग बंद कर दी है.
सीरिया ने कार्रवाई पर जताई नाराजगी
सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना के मुताबिक जॉर्डन के हवाई हमलों में दरआ प्रांत में 8 लोगों की मौत हुई. मृतकों में एक बुजुर्ग व्यक्ति और तीन बच्चे भी शामिल हैं और चार लोग घायल हुए हैं. सीरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि जॉर्डन ने उसकी सरकार को पहले से सूचित किए बिना सीरियाई क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई की. मंत्रालय ने इस पर गंभीर आपत्ति जताई. हालांकि दोनों देशों के बीच घटना के प्रभावों से निपटने के लिए बातचीत और समन्वय जारी है.
मेन बॉर्डर क्रॉसिंग बंद
हवाई हमलों के बाद सीरिया ने मंगलवार से जॉर्डन के साथ नसीब बॉर्डर क्रॉसिंग बंद करने का ऐलान किया है. जॉर्डन की तरफ इसे जेबर क्रॉसिंग कहा जाता है. यह रास्ता दोनों देशों के बीच यात्रियों और व्यापारिक सामान की आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसके बंद होने से आवागमन प्रभावित होने वाला है. फिलहाल इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच सुरक्षा और कूटनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका है.
चर्च पर हमले में 9 लोगों की हुई थी मौत
जॉर्डन में 23 अक्टूबर को दक्षिणी इलाके में स्थित सेंट जॉर्ज ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान बंदूकधारियों ने हमला किया था. इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई थी. जॉर्डन के अधिकारियों के मुताबिक हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया. जॉर्डन के सार्वजनिक सुरक्षा निदेशक मेजर जनरल अब्दुल्ला अल-मायताह ने संदिग्धों की पहचान हज्जा जैदान मोहम्मद, मिशाल जैदान मोहम्मद और अहमद सामी हुसैन के रूप में की.जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय ने कहा कि हमले के जिम्मेदार लोगों को न्याय का सामना करना पड़ेगा.