Last Updated:
यदि आप भी अपने लिए कोई रोजी-रोजगार तलाश रहे हैं तो आज हम आपके लिए बेहतरीन जानकारी लेकर आए हैं. अगर आपने कोई हाथ का या दिमाग का हुनर सीख लिया तो आपको अपने खर्च के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. खासतौर से आप कोई ऐसा काम करते हैं जिसकी लोगों को रोज जरूरत होती है तब आप रोज अपना प्रोडक्ट बेच पाएंगे. इससे आपको रोज कमाई होगी.
बेगूसराय: आज की तारीख में बहुत से युवा बेरोजगार घूम रहे हैं. कई तो नौकरी की तलाश में और वैकेंसी के इंतजार में दिन-रात लगे हैं. दूसरी तरफ कई युवा अपने लिए रोजगार का बेहतरीन आइडिया खोजने में जुटे हैं. यदि आप भी अपने लिए रोजी-रोजगार की उलझन में परेशान हैं तो आपके लिए हम आपके लिए बेहतरीन बिजनेस आइडिया बताने जा रहे हैं. आप ऐसी चीजों का बिजनेस करें जिसकी लोगों को रोज जरूरत पड़ती हो. इससे आपके प्रोडक्ट की बिक्री बनी रहेगी. ऐसा ही एक काम है पूजा-पाठ से जुड़ा हुआ. पूजा-पाठ में लोग हर दिन अगरबत्ती का प्रयोग करते हैं. तो आप भी अगरबत्ती बनाने का काम करके आय कर सकते हैं. बिहार के बेगूसराय में अगरबत्ती बनाने की फ्री ट्रेनिंग दी जा रही है.
28 अक्टूबर से शुरू होगा आवेदन
इस ट्रेनिंग में अगरबत्ती बनाने से लेकर उसकी पैकिंग और मार्केटिंग तक की जानकारी दी जाएगी. खास बात यह है कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उद्योग शुरू करने के लिए बैंकिंग सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी. यूको आरसेटी के निदेशक अमरेंद्र हजारी ने लोकल 18 से बताया अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण के लिए 28 अक्टूबर से आवेदन शुरू होगा. इच्छुक युवा अगले महीने के पहले सप्ताह तक आवेदन कर सकते हैं. प्रशिक्षण 12 दिनों का होगा. इसमें अगरबत्ती तैयार करना, सुखाना, सुगंध डालना, पैकिंग और बाजार में बिक्री करने की प्रक्रिया सिखाई जाएगी. प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को हुनर देकर स्वरोजगार से जोड़ना है. नियम और शर्तों के मुताबिक लड़के या लड़कियां जो पहले आयेंगें 35 का चयन पहले ट्रेनिंग के फेज के लिए होगा.
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
प्रशिक्षण के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, जॉब कार्ड या आर्थिक जनगणना सूची, दो पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक पासबुक की जरूरत होगी. आवेदक को हिंदी पढ़ना-लिखना आना चाहिए. प्रशिक्षण लेने के बाद युवा छोटे स्तर से घर पर भी अगरबत्ती निर्माण शुरू कर सकते हैं. प्रशिक्षण से जुड़े लोगों के अनुसार, करीब 3 किलो अगरबत्ती बनाने में लगभग 300 रुपये तक लागत आती है और बिक्री के आधार पर 500 से 1000 रुपये तक की आमदनी हो सकती है.