Last Updated:
शीतला माता मंदिर हादसे में दूसरे ट्रक ड्राइवर मुख्तियार सिंह ने सरेंडर कर दिया है. ड्राइवर का दावा है कि गूगल मैप पर रास्ता साफ दिखाई दे रहा था और उसने ढलान से पहले ही अपना ट्रक रोक लिया था. 17 अक्टूबर को हुए हादसे में 45 लोग घायल हुए थे, जिनमें से 16 श्रद्धालुओं की मौत हुई. पुलिस मामले जांच में लगी हुई है.
शीतला माता मंदिर हादसे में दूसरे ड्राइवर ने सरेंडर किया.
ग्वालियर. शीतला माता मंदिर हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है. 17 अक्टूबर की रात हुए इस दर्दनाक हादसे के दूसरे ट्रक ड्राइवर मुख्तियार सिंह ने पुलिस थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया है. हादसे के बाद से पुलिस को उसकी तलाश थी. इससे पहले पुलिस ने पहले ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया था. अब दूसरे ड्राइवर के सामने आने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. इस बीच मुख्तियार सिंह ने गूगल मैप को लेकर बड़ा दावा किया है. उसका कहना है कि गूगल मैप पर रास्ता साफ दिखाई दे रहा था. इसी भरोसे दोनों ट्रक शीतला माता मंदिर की ओर पहुंचे थे.
पुलिस के सामने पहुंचे ड्राइवर मुख्तियार सिंह ने बताया कि दोनों ट्रक गूगल मैप का यूजकर मंदिर की ओर जा रहे थे. मैप पर रास्ता क्लियर दिखाई दे रहा था. इसलिए उन्हें लगा कि आगे जाने में कोई परेशानी नहीं होगी. ड्राइवर का दावा है कि रास्ते में उन्हें रोकने के लिए कोई जवान भी नहीं मिला था. हालांकि, पुलिस उसके इन दावों की जांच कर रही है.
जांच में जुटी है पुलिस
मुख्तियार सिंह ने पूछताछ के दौरान दावा किया कि उसने अपना ट्रक ढलान शुरू होने से पहले ही रोक लिया था. उसके मुताबिक, वह गूगल मैप के बताए रास्ते पर चल रहा था. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों ट्रक किस रास्ते से मंदिर तक पहुंचे और हादसे से पहले क्या परिस्थितियां बनी थीं.
45 श्रद्धालु आए थे ट्रक की चपेट में
बता दें कि 17 अक्टूबर की रात ग्वालियर से 40 किलोमीटर दूर शीतला माता मंदिर में हादसा हुआ था. अनाज से लदा हुआ एक ट्रक ढलान से लुढ़कते हुए मंदिर के गेट से टकराया. इस दौरान होमगार्ड के दो जवानों ने लोगों को बचाने और ट्रक रोकने की कोशिश की. ट्रक ने वहां मौजूद करीब 45 श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया था. हादसे में अब तक 16 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है. इस हादसे के बाद पुलिस ने पहले ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया था. अब दूसरे ड्राइवर मुख्तियार सिंह के सरेंडर के बाद जांच में नई जानकारी सामने आने की उम्मीद है. पुलिस उसके बयानों की पड़ताल कर रही है.