लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने प्रदेश कार्यसमिति की नई सूची जारी कर दी है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में 548 कार्यसमिति सदस्य, 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 134 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं. सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है. पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों को भी इस सूची में जगह मिली है.
बीजेपी की ओर से यह घोषणा लखनऊ में 30 और 31 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले की गई है. बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. ऐसे में नई कार्यसमिति के गठन को पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
मुरली मनोहर जोशी, भूपेंद्र चौधरी और जितिन प्रसाद भी सूची में
प्रदेश कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्यों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है. पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, विनय कटियार, स्वतंत्र देव सिंह, डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और डॉ. रमापति राम त्रिपाठी के नाम भी इस सूची में हैं.
वहीं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, जितिन प्रसाद, एसपी सिंह बघेल और कीर्तिवर्धन सिंह को भी स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और मुख्तार अब्बास नकवी के नाम भी सूची में शामिल हैं. स्थायी आमंत्रित सदस्यों में बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों से जुड़े नेताओं को भी जगह दी गई है. इनमें रेखा वर्मा, तारिक मंसूर, हरीश द्विवेदी, भोला सिंह, संगीता यादव, अमरपाल मौर्य और कुंवर बासित अली शामिल हैं.
134 विशेष आमंत्रित सदस्य भी बनाए गए
बीजेपी ने प्रदेश कार्यसमिति के साथ 134 विशेष आमंत्रित सदस्यों की भी घोषणा की है. इस सूची में सांसदों, पूर्व सांसदों, मंत्रियों, पार्टी पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े नेताओं को शामिल किया गया है. अरुण सिंह, राधा मोहन दास अग्रवाल, गौरव भाटिया, दारा सिंह चौहान, सुधांशु त्रिवेदी, नीरज शेखर, अरुण गोविल और हेमा मालिनी समेत कई नेताओं के नाम विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में हैं. पार्टी ने अलग-अलग क्षेत्रों से नेताओं को कार्यसमिति में जगह दी है. पश्चिम, ब्रज, अवध, कानपुर, काशी और गोरखपुर क्षेत्र के नेताओं को शामिल कर संगठन का दायरा बढ़ाया गया है.
विराजसागर को भी प्रदेश कार्यसमिति में जगह
प्रदेश कार्यसमिति की 548 सदस्यीय सूची में विराजसागर दास का नाम भी शामिल है. विराजसागर राजनीतिक परिवार से आते हैं. वह पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसी दास के पौत्र और कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे अखिलेश दास के बेटे हैं. अखिलेश दास कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे थे. विराजसागर भी परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि के साथ चर्चा में रहे हैं. बीजेपी सरकार बनने के बाद से वह लगातार पार्टी में सक्रिय हैं. अब उन्हें प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किया गया है.
30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में बैठक
प्रदेश कार्यसमिति की सूची जारी होने के बाद अब पार्टी की नजर आगामी बैठक पर है. 30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाली बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है.