PM मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी को 72% लोगों ने माना सनातन संस्कृति का अपमान
Last Updated:
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर सियासी घमासान तेज हो गया है. ‘मैट्राइज़’ के एक हालिया सर्वे के अनुसार, 68 प्रतिशत लोगों ने इसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ माना है, जबकि 72 फीसदी लोगों का कहना है कि यह सनातन संस्कृति और भारतीय मूल्यों का अनादर है. इस अशोभनीय बयान के विरोध में भाजपा ने देशभर में प्रदर्शन कर कांग्रेस से माफी की मांग की है.
नई दिल्ली: बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई अपमानजनक टिप्पणी पर देशभर में आक्रोश देखने को मिल रहा है. इस तीखे विवाद के बीच आए एक नए जनमत सर्वेक्षण ने कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. ‘मैट्राइज़ न्यूज कम्युनिकेशंस’ द्वारा 5,000 लोगों के बीच कराए गए टेलीफोनिक सर्वे के अनुसार, देश की बहुसंख्य जनता ने खरगे के इस बयान को न केवल संवैधानिक मर्यादा के प्रतिकूल माना है, बल्कि इसे मुख्य विपक्षी दल की हताशा का परिचायक भी करार दिया है.
सर्वे में जनता की राय: पद की गरिमा और संस्कारों पर सीधा प्रहार
25 से 27 अक्टूबर के बीच किए गए इस सर्वे के परिणाम बताते हैं कि करीब 68 प्रतिशत लोगों की स्पष्ट राय है कि प्रधानमंत्री पद पर आसीन व्यक्ति के दिवंगत पिता को राजनीति में घसीटना और उन पर अमर्यादित टिप्पणी करना पद की गरिमा को ठेस पहुंचाता है.
(इमेज : मैट्राइज़ न्यूज कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड)
इसके साथ ही, 72 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने माना कि यह टिप्पणी सनातन संस्कृति और पारंपरिक भारतीय जीवन मूल्यों के पूरी तरह खिलाफ है, जहां दिवंगत पूर्वजों और बड़ों के प्रति सदैव आदर की भावना रखी जाती है.
(इमेज : मैट्राइज़ न्यूज कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड)
वहीं, 54 प्रतिशत लोगों ने इस निजी हमले को कांग्रेस पार्टी की वैचारिक शून्यता और चुनावी निराशा बताया.
(इमेज : मैट्राइज़ न्यूज कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड)
भाजपा का देशव्यापी आक्रोश
इस बयान के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. नई दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खरगे के आवास की ओर मार्च निकाला और कांग्रेस से देश से माफी मांगने की मांग की. वहीं पटना में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी ने ‘जन आक्रोश मार्च’ निकालकर खरगे का पुतला फूंका.
” isDesktop=”true” id=”10942193″ >