जहानाबाद. आज के समय में लगभग हर घर में टू व्हीलर गाड़ियां देखने को मिल जाती हैं. एक दौर था, जब साइकिल से लोगों का आना-जाना हुआ करता था, लेकिन अब ट्रेंड बदल चुका है और यह काम लोग बाइक के माध्यम से करने लगे हैं. लोग टू व्हीलर तो रख लेते हैं, लेकिन कई बार इसका मेंटेनेंस करवाना, सर्विसिंग करवाना और कुछ जरूरी काम करवाना भूल जाते हैं. ऐसे में उनकी गाड़ी की कंडीशन धीरे-धीरे खराब होती चली जाती है. कई बार तो गाड़ियों में की गई लापरवाही की वजह से बड़ा खर्च हो जाता है. अगर आपके पास भी मोटरसाइकिल है और कुछ जरूरी काम करवाने में लापरवाही करते हैं, तो यह खबर आपके लिए है.
बहुत जरूरी हिस्सा है एयर प्यूरीफायर
जिस तरह से गाड़ी की नियमित सर्विसिंग करवाना जरूरी है, ठीक उसी प्रकार से गाड़ी का एयर प्यूरीफायर यानी फिल्टर साफ करवाना भी जरूरी है. फिल्टर गाड़ी की नाक होता है. यह एक ऐसा पार्ट होता है, जिसके माध्यम से गाड़ी में हवा पहुंचती है और अगर इसमें धूल जम जाती है, तो हवा पहुंचने में बहुत मुश्किल होती है और अंततः गाड़ी सही माइलेज देना बंद कर देती है.
कई बार तो लंबे समय तक फिल्टर साफ नहीं करवाने से कार्बोरेटर पर भी असर पड़ने लगता है और जब कार्बोरेटर खराब होता है, तो गाड़ी में कम से कम 4 से 5 हजार रुपये का खर्च आता है. इस तरह से अगर आप समय पर गाड़ी का फिल्टर साफ करवाते रहेंगे, तो आपको कई तरह की परेशानियों से निजात मिलती रहेगी.
गाड़ी का फिल्टर साफ कराना क्यों जरूरी
जहानाबाद जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक के पास गाड़ी की सर्विसिंग करते मैकेनिक मोहम्मद अरमान ने बताया कि गाड़ी का फिल्टर इंसान की नाक की तरह काम करता है. जिस प्रकार से इंसान को जीवित रहने के लिए सांस लेने की जरूरत होती है, ठीक उसी तरह गाड़ी को सही चलने, सही माइलेज और स्मूथ चलने के लिए फिल्टर की नियमित साफ-सफाई जरूरी है.
जिनके पास भी गाड़ी है, उनको एक सप्ताह में फिल्टर की सफाई जरूर करवानी चाहिए. फिल्टर साफ करने से हवा आसानी से गाड़ी में पहुंचती है और जब हवा पहुंचती है, तो गाड़ी स्मूथ चलती है. सही माइलेज देती है और सुरक्षित आप घर तक पहुंच सकते हैं.
फिल्टर साफ होगा तो मिलेंगे ये फायदे
वह बताते हैं कि गाड़ी के फिल्टर को जब कभी सर्विसिंग करवाने पहुंचें या वॉश करवाने पहुंचें, तो जरूर एक बार फिल्टर साफ करवा लें. मैकेनिक से भी इस बात पर चर्चा करें कि उन्होंने गाड़ी का फिल्टर साफ किया है या नहीं. अगर आपने एक सप्ताह में एक बार गाड़ी का फिल्टर साफ करवाया, तो आपकी गाड़ी की लाइफ बढ़िया रहेगी.
इसके साथ ही गाड़ी का माइलेज भी सही रहेगा. कई बार ऐसा होता है कि लोग गाड़ी चलाते हैं, लेकिन उसकी मेंटेनेंस नहीं करते हैं और ऐसे में फिल्टर की स्थिति काफी खराब हो जाती है. जब फिल्टर की स्थिति खराब होती है, तो गाड़ी के कार्बोरेटर पर असर पड़ता है और ऐसे में लंबा खर्च भी हो सकता है.