चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से यूपी में बदलेगा मौसम, 4 दिन तक बरसेंगे बदरा, जान लें IMD का अलर्ट

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से यूपी में बदलेगा मौसम, 4 दिन तक बरसेंगे बदरा, जान लें IMD का अलर्ट


लखनऊ : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 28 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. खासकर 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. अगर आज की बात करें तो फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है. इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव होने की संभावना है. प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. बारिश के कारण दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है.

28 को इन जिलों में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है.

29 अक्टूबर के लिए ये चेतावनी

29 अक्टूबर को मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. सोनभद्र और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है. वहीं चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर यानी भदोही, जौनपुर और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा बांदा, फतेहपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर में भी बारिश की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान जताया है.

30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई में बारिश के आसार

30 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. इसके साथ ही देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा और बलरामपुर में भी मौसम का असर दिख सकता है. कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है. हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी मौसम बदल सकता है. इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.

31 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, बिजली कड़कने के समय सुरक्षित जगह पर रहने और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर कृषि संबंधी काम करने और कटी हुई फसल को सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं का असर अलग-अलग जिलों में अलग-अलग हो सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.



Source link