Last Updated:
गोपालगंज में होटल कैप्टन अनीश कुमार की हत्या हो गई. इस हत्या के मामले में मृतक अनीश की मां ने बीजेपी एमएलसी राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराया था. अब मृतक की मां ने बीजेपी नेता का नाम इस मामले से हटाने के लिए आवेदन दिया है. ऐसे में सोशल मीडिया में लोग यह भी कह रहे हैं कि उनसे दबाव में ऐसा करवाया जा रहा है.
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज के होटल राजीव रीजेंसी में रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश कुमार की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक की मां कमलेसा देवी के बयान पर होटल मालिक और बीजेपी एमएलसी राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अब कमलेसा देवी ने एमएलसी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को वापस लेने की मांग करते हुए नगर थाने में आवेदन दिया है. उन्होंने हत्या में होटल के तीन कर्मचारियों को शामिल बताते हुए एमएलसी को निर्दोष बताया है. उधर, इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामले ने सियासी रंग भी ले लिया है.
कमलेसा देवी का कहना है कि बेटे की हत्या के बाद वह गहरे सदमे में थीं और अचेत अवस्था में होने के कारण उन्होंने होटल मालिक बीजेपी एमएलसी गप्पू बाबू पर आरोप लगा दिए थे. अब उन्होंने मुजफ्फरपुर के रहने वाले होटल कर्मचारियों गौतम कुमार, राहुल कुमार और सुजय कुमार पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. कमलेसा देवी ने सदर एसडीपीओ और नगर थाने में आवेदन देकर एफआईआर से एमएलसी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को हटाने की मांग की है.
उधर, इस मामले में एमएलसी का नाम एफआईआर में शामिल होने और फिर उनके खिलाफ आरोप वापस लेने के लिए आवेदन दिए जाने के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं. हम पार्टी के जिलाध्यक्ष और एमएलसी प्रतिनिधि पंकज सिंह राणा ने कहा कि परिवार ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही, निर्दोष लोगों को मामले में नहीं फंसाने का फैसला लिया है, जो सही है.
बता दें कि बीते 24 अक्टूबर की रात नगर थाना क्षेत्र के बंजारी रोड स्थित होटल राजीव रीजेंसी में रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. अनीश कुमार मीरगंज थाना क्षेत्र के सिंगहा टोला, टड़वा गांव के रहने वाले और स्वर्गीय बीजेन्द्र सिंह के पुत्र थे. घटना के अगले दिन परिजनों ने होटल के मुख्य दरवाजे पर शव रखकर हंगामा किया था. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.