Last Updated:
Pendra News: गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के सूरजपुर के रहने वाले नौसाद अहमद (52) किसी काम से निमधा गांव गए हुए थे. बीती रात जब वह वापस पेंड्रा जाने के लिए अपनी कार से निकले, तो उन्होंने रास्ता जानने के लिए गूगल मैप शुरू किया. मंजिल तक पहुंचाने वाला गूगल मैप उन्हें ऐसे रास्ते पर ले गया, जहां आगे तालाब की मेड़ थी.
कार तालाब में गिरने से बची.
रिपोर्ट- सुबीर कुमार चौधरी, गौरेला पेंड्रा मरवाही. गूगल मैप पर आंख मूंदकर भरोसा करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसकी एक बानगी गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के ग्राम निमधा में देखने को मिली है. यहां गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए एक बुजुर्ग की जान खतरे में पड़ गई. गनीमत रही कि समय रहते उन्होंने सूझबूझ दिखाई और एक बड़ा हादसा टल गया.
मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर निवासी 52 वर्षीय नौसाद अहमद किसी काम से ग्राम निमधा आए हुए थे. बीती रात जब वह वापस पेंड्रा जाने के लिए अपनी कार से निकले, तो उन्होंने रास्ता जानने के लिए गूगल मैप चालू किया. मंजिल तक पहुंचाने वाला गूगल मैप उन्हें ऐसे रास्ते पर ले गया, जहां आगे तालाब की मेड़ थी. रास्ते से अनजान नौसाद अहमद उसी दिशा में आगे बढ़ते गए और उनकी कार तालाब में गिरने से बाल-बाल बची.
कार बंद कर बाहर निकले
हालात की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने किसी तरह कार बंद की और काफी मशक्कत के बाद वाहन से बाहर निकलने में कामयाब हुए. इस घटना में उनकी जान पर बन आई थी लेकिन किस्मत अच्छी रही कि एक बड़ा हादसा टल गया. यह घटना एक बार फिर सावधान करती है कि अनजान रास्तों पर केवल गूगल मैप के भरोसे चलना खतरनाक हो सकता है.
शीतला माता मंदिर हादसे में 16 श्रद्धालुओं की मौत
बताते चलें कि 17 अक्टूबर की रात मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर परिसर में भयानक हादसा हुआ था. ढलान से लुढ़का लोडिंग ट्रक मंदिर गेट पर पहुंच गया था. बेकाबू ट्रक ने 45 श्रद्धालुओं को रौंद दिया था. हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा घायल हुए. इस मामले में बीते दिन दूसरे ट्रक ड्राइवर मुख्त्यार सिंह ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया. हादसे के बाद पहले ट्रक के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया था. मुख्त्यार सिंह ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे लोग गूगल मैप के सहारे चल रहे थे. गूगल मैप ने बताया था कि रास्ता साफ है. रास्ते में पुलिस जवान भी नहीं मिले थे. दोनों ट्रक गूगल मैप के भरोसे शीतला माता मंदिर पहुंचे थे. मैप में रास्ता क्लियर था. उन्होंने ढलान से पहले ट्रक रोक लिया था.