शिमला. वोट चोरी और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महारैली का जवाब देने के लिए हिमाचल प्रदेश भाजपा ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है. सूत्रों के अनुसार भाजपा 1 नवंबर को शिमला में बड़ी पदयात्रा निकालकर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटी है. इस पदयात्रा में हिमाचल भाजपा के कई बड़े नेताओं और तीन जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है. जानकारी के अनुसार मॉल रोड के समीप नाज़ चौक से भाजपा पदयात्रा शुरू कर सकती है.
सूत्रों के अनुसार, भाजपा की इस पदयात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी शामिल हो सकते हैं. हालांकि, उनके दौरे और कार्यक्रम में भागीदारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पदयात्रा का स्वरूप, इसमें शामिल होने वाले नेताओं और आंदोलन के एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.
दीपकमल में होगी अहम बैठक, तय होगा पदयात्रा का खाका
जानकारी के अनुसार शिमला में प्रस्तावित पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में 28 अक्टूबर को महत्वपूर्ण बैठक होगी. सूत्रों के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. बैठक में पदयात्रा की रणनीति, नेताओं की भागीदारी, कार्यकर्ताओं की लामबंदी और कार्यक्रम के एजेंडे पर चर्चा की जाएगी.
भाजपा इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस के वोट चोरी और SIR से जुड़े आरोपों का राजनीतिक जवाब देने की तैयारी कर रही है. पार्टी का प्रयास है कि राजधानी शिमला में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाकर कांग्रेस के खिलाफ अपना पक्ष मजबूती से रखा जाए.
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ होगा भाजपा का नारा
भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ अपने अभियान के लिए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का नारा तय किया है. पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसे महत्वपूर्ण चुनावी विषय पर जनता को भ्रमित कर रही है. भाजपा का कहना है कि कांग्रेस चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है. पार्टी की रणनीति है कि कांग्रेस के आरोपों के जवाब में चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं के समर्थन में अपना पक्ष जनता के सामने रखा जाए.
धर्मशाला में भी तैयारियां तेज, 30 अक्टूबर को निकलेगी पदयात्रा
शिमला से पहले भाजपा धर्मशाला में भी कांग्रेस के खिलाफ पदयात्रा निकालने जा रही है. हिमाचल भाजपा की सह-प्रभारी और राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने सोमवार को पालमपुर में संगठनात्मक जिला कांगड़ा की महत्वपूर्ण बैठक की थी. इस बैठक में कांग्रेस के खिलाफ प्रस्तावित पदयात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम के स्वरूप पर चर्चा की गई. पार्टी की योजना के अनुसार, 30 अक्टूबर को धर्मशाला में पदयात्रा निकाली जाएगी, जबकि 1 नवंबर को शिमला में बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है. इस तरह भाजपा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेस के खिलाफ अपने अभियान को धार देने की कोशिश कर रही है.कांग्रेस वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करने जा रही है. इसी दिन शिमला में भाजपा की प्रस्तावित पदयात्रा को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.