उड़ता हिमाचलः डेढ़ करोड़ रुपये चिट्टे के साथ 34 साल का युवक गिरफ्तार, टैक्सी में सप्लाई देने आ रहा था शिमला, पुलिस ने धर लिया

उड़ता हिमाचलः डेढ़ करोड़ रुपये चिट्टे के साथ 34 साल का युवक गिरफ्तार, टैक्सी में सप्लाई देने आ रहा था शिमला, पुलिस ने धर लिया


शिमला.  हिमाचल प्रदेश के शिमला में पुलिस ने एक युवक से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का चिट्टा पकड़ा है. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. शिमला की एएसपी मेहर कंवर ने गिरफ्तारी को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

एएसपी मेहर कंवर ने बताया कि स्पेशल सेल की टीम काफी समय से एक संदिग्ध सप्लायर पर नजर रख रही थी और उसे पकड़ने के लिए प्रयासरत थी. आखिरकार, शोघी के नजदीक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक टैक्सी को चेकिंग के लिए रोका और तलाशी में आरोपी रेशम सिंह (34), निवासी अमृतसर, पंजाब के कब्जे से लगभग 257 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की.

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की सप्लाई शिमला में करने के प्रयास में था. बरामदगी वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आती है और इस वर्ष की प्रमुख बरामदगियों में से एक है. इसकी बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है.

इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 230/2026, दिनांक 27.10.2026, धारा 21 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा. एएसपी ने बताया कि मामले में आगामी अन्वेषण जारी है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके.

पहले भी छह करोड़ का चिट्टा पकड़ा था

शिमला पुलिस ने इस वर्ष अपनी रणनीति के तहत नशे के बड़े सप्लायरों और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई तेज की है. इस वर्ष अब तक लगभग 5.5 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 करोड़ रुपये से अधिक है. इसमें बीते 4 अगस्त 2026 को लगभग 1.120 किलोग्राम हेरोइन की एक बड़ी बरामदगी भी शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये है. इसके अतिरिक्त, लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य की वाणिज्यिक मात्रा में LSD, 16.5 किलोग्राम चरस, 14 किलोग्राम अफीम और 6 किलोग्राम पॉपी हस्क बरामद की गई है. साथ ही, भांग और अफीम की अवैध खेती के 10 लाख से अधिक पौधों को नष्ट किया गया है.

एक और मामले में हुई गिरफ्तार

शिमला की ही पुलिस थाना कोटखाई की टीम ने  8 सितंबर को दर्ज केस में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पंजाब से एक सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी अंकित निवासी देवरी-खनेटी, तहसील कोटखाई से लगभग 29 ग्राम हेरोइन बरामद की थी और अब मामले की जांच के दौरान आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), व्हाट्सऐप चैट तथा इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) का विश्लेषण किया गया, जिसमें हेरोइन की खरीद-फरोख्त के संबंध में पंजाब निवासी सुखपाल सिंह (28), निवासी गांव मनियाना, जिला संगरूर, के साथ बातचीत सामने आई. अब संगरूर के गांव मनियाना से उक्त सप्लायर सुखपाल सिंह को गिरफ्तार किया.

एएसपी ने बताया कि शिमला पुलिस नशे के बड़े सप्लायरों, उनके नेटवर्क और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखेगी. पुलिस का उद्देश्य नशे की सप्लाई चेन को तोड़ना, नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है.



Source link