अपने खानदान के कहलाएंगे सबसे पढ़े-लिखे शख्स, बस आज से शुरू करें ये 4 चीजें

अपने खानदान के कहलाएंगे सबसे पढ़े-लिखे शख्स, बस आज से शुरू करें ये 4 चीजें


How to Become Most Knowledgeable Person: किसी परिवार में सबसे ज्यादा पढ़ा-लिखा होने का मतलब सिर्फ बड़ी डिग्री हासिल करना या अच्छी नौकरी पाना नहीं है. असली पढ़ाई तब दिखाई देती है, जब किसी इंसान को दुनिया की अच्छी समझ हो, वह किसी मुद्दे पर सोच-समझकर अपनी राय बना सके और दूसरों के साथ अपनी बात सही तरीके से रख सके. इसके लिए जरूरी नहीं कि आप हर दिन कई घंटे किताबों में बिताएं या कोई नया कोर्स शुरू करें. अपनी रोजमर्रा की आदतों में कुछ छोटे बदलाव करके भी आप अपनी नॉलेज बढ़ा सकते हैं. अगर आप चाहते हैं कि लोग आपकी समझ और जानकारी की मिसाल दें, तो आज से ये चार आदतें अपनाना शुरू कर सकते हैं.

1. खाली समय में कुछ भी देखने के बजाय अच्छा कंटेंट चुनें

आज मोबाइल पर वीडियो देखने के लिए किसी को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती. लेकिन घंटों वीडियो देखने के बाद भी जरूरी नहीं कि हमारे पास कोई नई जानकारी हो. इसकी वजह है कि हम अक्सर बिना सोचे-समझे कुछ भी देखना शुरू कर देते हैं. अगर आप अपनी जानकारी बढ़ाना चाहते हैं, तो मनोरंजन के साथ सीखने पर भी ध्यान दें. अच्छी डॉक्यूमेंट्री, जानकारी देने वाली फिल्में, किसी विषय पर होने वाली चर्चा और रिसर्च के आधार पर बनाए गए वीडियो देखें.

उदाहरण के लिए, अगर आपको इतिहास में दिलचस्पी है, तो किसी ऐतिहासिक घटना के पीछे की कहानी समझने वाले वीडियो देख सकते हैं. साइंस, स्पेस, टेक्नोलॉजी और समाज से जुड़े विषयों पर भी अच्छा कंटेंट उपलब्ध है. YouTube पर किसी विषय को खोजते समय ऐसे वीडियो चुनें, जिनमें जानकारी के साथ उसके सोर्स भी बताए गए हों. इससे आपको नई बातें जानने के साथ अलग-अलग मुद्दों को समझने का मौका मिलेगा.

2. बेवजह स्क्रॉल करने की आदत को पढ़ने से बदलें

कई बार हम फोन सिर्फ पांच मिनट देखने के लिए उठाते हैं, लेकिन कब आधा घंटा निकल जाता है, पता ही नहीं चलता. सोशल मीडिया पर लगातार स्क्रॉल करने से समय तो खर्च होता ही है, कई बार हमारा ध्यान भी बार-बार भटकता है. इस आदत को बदलने का एक आसान तरीका है कि जब भी खाली समय मिले, कुछ उपयोगी पढ़ने की कोशिश करें.

इसके लिए आप सबस्टैक (Substack) जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आर्टिकल पढ़ सकते हैं. यहां पॉलिटी, हिस्ट्री, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, इकोनॉमिक्स और सोसाइटी जैसे कई विषयों पर अच्छे आर्टिकल मिलते हैं. शुरुआत में रोजाना केवल 10 से 15 मिनट पढ़ने का लक्ष्य रखें. किसी आर्टिकल को पढ़ने के बाद यह भी सोचें कि उसमें आपने क्या नया सीखा और उसकी जानकारी कितनी भरोसेमंद है. धीरे-धीरे पढ़ने की आदत बढ़ेगी और अलग-अलग विषयों पर आपकी समझ भी बेहतर होगी.

3. रोज अखबार पढ़ने की आदत बनाएं

अगर आप चाहते हैं कि आपकी जानकारी सिर्फ अपने काम या पढ़ाई तक सीमित न रहे, तो रोज अखबार पढ़ने की आदत डालें. द इंडियन एक्सप्रेस (The Indian Express) और द हिंदू (The Hindu) जैसे अखबारों में देश-दुनिया की खबरों के साथ कई मुद्दों पर विस्तार से जानकारी मिलती है. आप अपनी भाषा के किसी भरोसेमंद अखबार को भी चुन सकते हैं. जरूरी यह है कि आप खबरों को नियमित रूप से पढ़ें और उनके पीछे की वजह समझने की कोशिश करें.

अखबार पढ़ते समय सिर्फ हेडलाइन देखकर आगे न बढ़ें. किसी बड़ी खबर को पढ़ें और समझें कि मामला क्या है, उसका आम लोगों पर क्या असर पड़ सकता है और इस पर अलग-अलग पक्ष क्या कहते हैं. इससे किसी मुद्दे पर राय बनाने से पहले फैक्ट को समझने की आदत डेवलप होती है. साथ ही, नए शब्द सीखने और खबरों को सही और साफ तरीके से समझाने की कोशिश करें. इससे बातचीत और लिखने की क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलती है.

4. अपने काम से अलग विषयों के बारे में भी जानें

अक्सर लोग उसी विषय पर पढ़ते हैं, जो उनकी पढ़ाई, नौकरी या रोज के काम से जुड़ा होता है. इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन अगर आप अपनी जानकारी का दायरा बढ़ाना चाहते हैं, तो अपनी फील्ड से बाहर निकलकर भी सीखें. उदाहरण के लिए, अगर आप पत्रकार हैं, तो साइंस या इकोनॉमिक्स को समझने की कोशिश कर सकते हैं. अगर आप इंजीनियर हैं, तो हिस्ट्री, साइकोलॉजी या समाज से जुड़े विषय पढ़ सकते हैं.

इसके लिए किसी एक नए विषय को चुनें और उससे जुड़ी किताबें, भरोसेमंद आर्टिकल या एक्सपर्ट्स की जानकारी पढ़ें. शुरुआत में उस विषय के बेसिक सवालों को समझें और फिर धीरे-धीरे आगे बढ़ें. हर विषय का एक्सपर्ट बनना जरूरी नहीं है. मकसद इतना है कि आप अलग-अलग फील्ड की बेसिक जानकारी रखें और दुनिया को केवल अपने अनुभव के नजरिये से न देखें.

रोज की छोटी आदतें बन सकती हैं आपकी ताकत

दरअसल, नॉलेज बढ़ाने के लिए हर बार बड़ा प्लान बनाने की जरूरत नहीं होती. रोज कुछ अच्छा देखना, थोड़ा पढ़ना, अखबार से खबरों को समझना और नए विषयों के बारे में जानना भी लंबे समय में बड़ा बदलाव ला सकता है. हालांकि, केवल जानकारी इकट्ठा करना ही काफी नहीं है. उसे समझना, सही-गलत में फर्क करना और जरूरत पड़ने पर अपनी राय बदलने के लिए तैयार रहना भी जरूरी है. इसलिए आप आज से इन 4 आदतों पर काम शुरू करें. धीरे-धीरे आपकी बातचीत, सोच और जानकारी में फर्क दिखने लगेगा. यही खूबियां आपको अपने परिवार और आसपास के लोगों के बीच एक समझदार और जागरूक इंसान के रूप में पहचान दिला सकती हैं.



Source link