Last Updated:
फिनटेक कंपनी पेटीएम का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर ₹21 करोड़ से छलांग लगाकर ₹226 करोड़ के पार पहुंच गया. वहीं, केफिन टेक्नोलॉजीज ने तिमाही आधार पर ₹100.3 करोड़ का दमदार मुनाफा कमाया. इसके अलावा, गेमिंग कंपनी नजारा टेक्नोलॉजीज भी घाटे से उबरते हुए ₹35.36 करोड़ के शानदार मुनाफे में लौट आई है.
पेटीएम के मुनाफे में जबरदस्त इजाफा.
फिनटेक कंपनी पेटीएम (Paytm) और केफिन टेक्नोलॉजीज (KFin Tech) ने दूसरी तिमाही (Q2) के दमदार नतीजे दिए हैं. दोनों ही कंपनियों ने मुनाफे और कमाई के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है. लंबे समय से अपनी प्रॉफिटेबिलिटी को लेकर सवालों का सामना कर रही पेटीएम ने इस तिमाही में जबरदस्त वापसी की है. इसके अलावा नजारा टेक घाटे से मुनाफे में आ गई है. मंगलवार को इन कंपनियों के शेयरों में हलचल देखी जा सकती है.
पेटीएम का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 21 करोड़ से छलांग लगाकर 226 करोड़ के पार पहुंच गया है. इसके साथ ही पेटीएम की कुल रेवेन्यू 28.5% बढ़कर 2,648 करोड़ हो गई है. कामकाज के मोर्चे पर कंपनी का एबिटडा (EBITDA) 91.5% उछलकर 270 करोड़ रहा, जबकि एबिटडा मार्जिन सुधरकर 10.2% पर आ गया है, जो कंपनी की मजबूत होती वित्तीय स्थिति को दर्शाता है.
केफिन टेक्नोलॉजीज का मुनाफा 33.4% बढ़ा
दूसरी ओर, शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड कंपनियों को सेवाएं देने वाली केफिन टेक्नोलॉजीज ने भी तिमाही आधार पर शानदार प्रदर्शन किया है. कंपनी का शुद्ध मुनाफा 33.4% बढ़कर ₹100.3 करोड़ हो गया है. रेवेन्यू में 12.5% का उछाल आया है और यह ₹402 करोड़ दर्ज किया गया. केफिन टेक के नतीजों में सबसे खास बात इसका ऑपरेटिंग मार्जिन रहा; कंपनी का एबिटडा मार्जिन 585 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर सीधे 40.05% पर पहुंच गया है, जो इसके मजबूत बिजनेस मॉडल का प्रमाण है.
नजारा टेक्नोलॉजी का दमदार प्रदर्शन
गेमिंग और स्पोर्ट्स मीडिया कंपनी नजारा टेक्नोलॉजीज (Nazara Technologies) ने चालू वित्त वर्ष (2026-27) की दूसरी तिमाही (Q2) के शानदार नतीजे पेश करते हुए घाटे से मुनाफे में दमदार वापसी की है. सालाना आधार पर कंपनी की कुल आय (रेवेन्यू) 52.5 फीसदी के जोरदार उछाल के साथ ₹526.5 करोड़ से बढ़कर ₹803 करोड़ पर पहुंच गई है. मुनाफे के मोर्चे पर भी कंपनी ने निवेशकों को बड़ी राहत दी है; पिछले साल की समान तिमाही में ₹33.9 करोड़ का भारी घाटा सहने वाली नजारा टेक ने अपने बिजनेस में जबरदस्त सुधार करते हुए इस बार ₹35.36 करोड़ का शुद्ध मुनाफा (Net Profit) दर्ज किया है.