Last Updated:
Kota Mid-Day Meal Scam: कोटा में सरकारी स्कूलों के बच्चों के मिड-डे-मील के लिए आवंटित 3213 क्विंटल गेहूं और चावल स्कूलों तक नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है. जुलाई से सितंबर 2026 की दूसरी तिमाही के लिए सरकारी गोदाम से पूरा खाद्यान्न उठाया गया था, लेकिन स्कूलों में कम राशन पहुंचने की शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग ने जांच कराई. जांच में 1844 क्विंटल गेहूं और 1369 क्विंटल चावल की कमी सामने आई. गायब खाद्यान्न की कीमत सरकारी दर पर करीब 81 लाख रुपये और बाजार भाव के अनुसार एक करोड़ से 1.10 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. खाद्यान्न परिवहन की जिम्मेदारी गुजरात की मैसर्स भैरवनाथ रोडवेज को दी गई थी. रसद विभाग ने फर्म से जवाब मांगा, लेकिन निर्धारित समय पर जवाब नहीं मिलने के बाद कोटा के नयापुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कोटा में सरकारी स्कूलों के बच्चों के मिड-डे-मील के लिए आवंटित 3213 क्विंटल गेहूं और चावल स्कूलों तक नहीं पहुंचा
कोटा. राजस्थान के कोटा में सरकारी स्कूलों के बच्चों के मिड-डे-मील से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है. बच्चों की थाली तक पहुंचने वाला हजारों क्विंटल गेहूं और चावल रास्ते में ही गायब होने का आरोप लगा है. हैरान करने वाली बात यह है कि सरकारी गोदाम से खाद्यान्न का पूरा उठाव हो गया, लेकिन स्कूलों तक निर्धारित मात्रा में राशन नहीं पहुंचा. जब स्कूलों से लगातार कम राशन मिलने की शिकायतें सामने आईं तो शिक्षा विभाग ने रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया. इसके बाद जो आंकड़े सामने आए, उन्होंने पोषाहार वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.
जुलाई में गोदाम से उठाया गया था पूरा राशन
शिक्षा विभाग ने रसद विभाग को दी जानकारी
जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), प्रारंभिक, कोटा रूप सिंह मीणा के अनुसार, गोदाम से पूरा खाद्यान्न उठने के बावजूद स्कूलों से लगातार कम राशन मिलने की शिकायतें मिल रही थी. इसके बाद सभी सीबीईओ से रिपोर्ट लेकर खाद्यान्न का सत्यापन कराया गया. स्कूलों में पहुंचाए गए राशन की पर्चियां भी उपलब्ध हैं. शिक्षा विभाग ने गड़बड़ी की जानकारी रसद विभाग को दी. रसद विभाग ने फर्म के प्रोपराइटर नारायणलाल शंकर लाल खटीक और अधिकृत सहयोगी शैलेंद्र शर्मा को 14 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. दोनों से 15 अक्टूबर सुबह 10:30 बजे तक जवाब मांगा गया, लेकिन निर्धारित समय तक जवाब नहीं मिला. इसके बाद रसद विभाग ने नयापुरा थाने में शिकायत दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.