Last Updated:
Right Way To Cook In Pressure Cooker: इसमें कोई दोराय नहीं कि प्रेशर कुकर में खाना बहुत ही आसानी से और बहुत ही कम समय में तैयार हो जाता है. लेकिन यदि आप टेस्ट और टेक्सचर के साथ को समझौता पसंद नहीं करते हैं, तो कुकर में फ्लेवरफुल खाना बनाने के लिए शेफ रणवीर बरार का बताया ये बेसिक रूल जरूर याद रखें.
Right Way To Cook In Pressure Cooker: भारतीय रसोई में प्रेशर कुकर का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है. दाल से लेकर सब्जी तक इसमें कई तरह के व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें खाना पकाने में समय कम लगता है और किसी चीज के कच्चे रह जाने की टेंशन नहीं होती है. हालांकि, कई बार कुकर में बना खाना स्वाद और टेक्सचर के मामले में उम्मीद के मुताबिक नहीं बन पाता है. सब्जियां जरूरत से ज्यादा गल जाती हैं या फिर मसालों का स्वाद खाने में अच्छी तरह घुल पाता है.
प्रेशर कुकर में खाना पकाने का रूल
शेफ रणवीर बरार ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि कुकर में खाना पकाते समय सामग्री लंबे समय तक गर्मी और भाप के संपर्क में रहती है. इस दौरान कई चीजें जरूरत से ज्यादा पक सकती हैं, जिससे उनके स्वाद और बनावट पर असर पड़ता है. ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि कुकर में बना खाना स्वादिष्ट लगे, तो सब्जियों और दूसरी सामग्री को बहुत बारीक काटने से बचें. इसके बजाय उन्हें थोड़े बड़े टुकड़ों में काटकर इस्तेमाल करें. इससे खाना पकने के दौरान सामग्री की बनावट को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है.
टमाटर, प्याज, अदरक-लहसुन को कैसे काटें?
प्रेशर कुकर में सब्जी या करी बनाते समय तड़के की सामग्री को सही तरीके से काटना जरूरी है. शेफ रणवीर बरार के मुताबिक, टमाटर को बहुत बारीक काटने के बजाय बड़े टुकड़ों में काटना चाहिए. इसी तरह प्याज को भी जरूरत से ज्यादा बारीक काटने से बच सकते हैं. अदरक और लहसुन को भी एकदम महीन काटने के बजाय थोड़ा मोटा कूटकर इस्तेमाल किया जा सकता है. खासकर तब, जब आप कुकर में ऐसी सब्जी या करी बना रहे हों, जिसे पकने में ज्यादा समय लगता है.