Last Updated:
EAAA India IPO: ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड आईपीओ आज खुल गया है. दोपहर तक इस इश्यू को लेकर निवेशकों का नजरिया सतर्क दिखा और यह 0.05 फीसदी ही सब्सक्राइब हुआ. ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड आईपीओ के शेयर ग्रे मार्केट में भी कोई धमाल नहीं मचा रहे हैं. इश्यू के शेयर मात्र 3 फीसदी प्रीमियम पर ही कारोबार कर रहे हैं.
इस आईपीओ में निवेशक 28 अक्टूबर तक पैसा लगा सकते हैं.
नई दिल्ली. अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म, ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड (EAAA India Alternatives Ltd) का ₹1,200 करोड़ का आईपीओ आज खुल गया है. निवेशक इस इश्यू में 28 अक्टूबर 2026 तक बोली लगा सकते हैं. इश्यू खुलने से पहले कंपनी ने प्रमुख घरेलू और वैश्विक एंकर निवेशकों से ₹360 करोड़ जुटाए हैं. ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर अभी 36 रुपये प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं. पहले दिन दोपहर 12:40 बजे तक यह इश्यू कुल मिलाकर महज 0.05 गुना ही सब्सक्राइब हुआ था. रिटेल कैटेगरी में 0.02 गुना, जबकि QIB और NII कैटेगरी में 0.08-0.08 गुना बोलियां मिली हैं.
ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड आईपीओ का अपर प्राइस बैंड ₹1,665 रुपये हैं. रिटेल निवेशकों के लिए 1 लॉट में 9 शेयर रखे गए हैं. ऊपरी प्राइस बैंड पर अगर इस आईपीओ में पैसा लगाया जाए तो एक रिटेल निवेशक को कम से कम ₹14,985 का निवेश करना होगा. यह IPO पूरी तरह से एडलवाइस ग्रुप की ओर से ऑफर फॉर सेल (OFS) है. इसका मतलब है कि जुटाई गई ₹1,200 करोड़ की पूरी राशि शेयर बेचने वाले शेयरधारकों के पास जाएगी और कंपनी के खाते में कोई नई पूंजी नहीं आएगी. आईपीओ के शेयरों का अलॉटमेंट 29 अक्टूबर को हो सकता है और लिस्टिंग 2 नवंबर को बीएसई और एनएसई पर होगी.
ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड आईपीओ रेटिंग
ब्रोकरेज फर्म SBI सिक्योरिटीज ने इस ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड आईपीओ को ‘न्यूट्रल’ रेटिंग दी है. ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी का वैल्यूएशन आगे शेयर में बड़ी तेजी के लिए बहुत सीमित जगह छोड़ता है. प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर ₹1,665 पर कंपनी का वैल्यूएशन ₹10,765 करोड़ बैठता है. ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी की भविष्य की विकास संभावनाओं और कारोबारी मजबूती की कीमत पहले ही इस वैल्यूएशन में जुड़ चुकी है.
क्या करती है कंपनी
कंपनी के फंडामेंटल्स मजबूत नजर आते हैं. FY24 से FY26 के दौरान EAAA India के रेवेन्यू में 33%, ऑपरेटिंग इनकम में 39% और नेट प्रॉफिट (PAT) में 23% की CAGR हासिल की है. कंपनी मुख्य रूप से रियल एसेट्स और प्राइवेट क्रेडिट जैसे यील्ड-जनरेटिंग सेक्टर्स में काम करती है. इस वजह से इसके राजस्व में उतार-चढ़ाव कम रहता है. FY26 में कंपनी की मैनेजमेंट फीस 130 बेसिस पॉइंट रही, जो आम म्यूचुअल फंड कंपनियों की 37–52 बेसिस पॉइंट की फीस के मुकाबले काफी अधिक है.
(Disclaimer: IPO में किया गया निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. यदि आप आईपीओ में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)