Last Updated:
Jhansi News: झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित होटल ऋषभ में विवाहिता मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. चेक आउट के दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ी और उसके सिर से खून बहने लगा. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका के पिता ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने पति नीलेश को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
होटल ऋषभ में मुस्कान के साथ आखिर क्या हुआ?
झांसी : झांसी के होटल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. बीकेडी रोड स्थित होटल ऋषभ में चेक आउट के दौरान विवाहिता अचानक जमीन पर गिर पड़ी, जिसके बाद उसके सिर से खून बहने लगा. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका के पिता ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पूरा मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बीकेडी रोड स्थित होटल ऋषभ का है, जहां विदिशा निवासी नीलेश अपनी पत्नी मुस्कान के साथ 23 अक्टूबर से होटल के कमरा नंबर 212 में रुका हुआ था. सोमवार सुबह दोनों चेक आउट कर कमरे से बाहर निकल रहे थे, तभी होटल के दरवाजे पर मुस्कान अचानक जमीन पर गिर पड़ी. उसके सिर में चोट लगने से खून बहने लगा. पति नीलेश उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया. मुस्कान की शादी इसी साल जून में हुई थी.
पारिवारिक विवाद के चलते वह अपने मायके में रह रही थी. मृतका के पिता रामजी लाल का आरोप है कि 23 अक्टूबर को नीलेश उनकी बेटी को अपनी मौसी के घर गणेश बिहार ले जाने की बात कहकर साथ ले गया था. पिता ने पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने की बात कहते हुए घटना को लेकर गंभीर आशंका जताई है. वहीं, होटल के सीसीटीवी फुटेज में मुस्कान कमरे से बाहर निकलते समय होटल कर्मी की मौजूदगी में गिरती दिखाई दे रही है. घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी, सीओ सिटी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने नीलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. एसपी सिटी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है.