Last Updated:
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश फिर होने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बन रहा है. जिस कारण यूपी में 29 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश अपना तांडव मचाएगी.
यूपी में बिगड़े मौसम के मिजाज
लखनऊ: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बन रहा है जो उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा. 28 अक्टूबर से प्रदेश में व्यापक बेमौसम बारिश की संभावना है. 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वी यूपी में भारी बारिश के आसार है. मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है. प्रदेश में तेज झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान जताया जा रहा है. बारिश और तेज हवाओं से अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार है. चक्रवाती तूफान के 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंचने और तट पार करने की संभावना है. मौसम में बदलाव से प्रदेश में ठंड बढ़ने की भी उम्मीद है. (रिपोर्ट: समीर सिंह)
इसी के चलते कानपुर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दिन में धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, तो वहीं रात होते ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है. दिन और रात के तापमान में करीब 15 डिग्री तक का अंतर देखने को मिल रहा है. मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच लोगों को दिन में गर्मी और रात में ठंड का सामना करना पड़ रहा है.
कानपुर में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. दिन में तेज धूप के चलते गर्मी महसूस हो रही है. वहीं शाम होते ही तापमान गिरने से मौसम ठंडा होने लगता है. सुबह और रात के समय हल्की ठंडक लोगों को सर्दी की आहट का एहसास करा रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कानपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
यानी दिन और रात के तापमान में करीब 15 डिग्री का अंतर लोगों को महसूस हो सकता है.आने वाले दिनों में भी अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम के इस बदलाव का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखाई देने लगा है. दिन में हल्के कपड़े और रात में गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है.सुबह और रात के समय ठंड से बचाव करना जरूरी है.