टैलेंट पर भारी उम्मीदों का बोझ…वैभव सूर्यवंशी के साथ ‘सावधान हटी, दुर्घटना घटी’ वाला खेल

टैलेंट पर भारी उम्मीदों का बोझ…वैभव सूर्यवंशी के साथ ‘सावधान हटी, दुर्घटना घटी’ वाला खेल


नई द‍िल्‍ली. क्रिकेट की दुनिया में कई बार एक असाधारण युवा खिलाड़ी के उदय से जितनी उम्मीदें जगती हैं, उतनी ही जल्दी उस पर दबाव का पहाड़ भी टूट पड़ता है. वैभव सूर्यवंशी जैसे विलक्षण प्रतिभा के धनी युवा खिलाड़ी को लेकर वर्तमान माहौल कुछ ऐसा ही इशारा कर रहा है. न्यूजीलैंड दौरे पर उनके पहले ही मैच के बाद कुछ एक्‍सर्ट द्वारा शुरू की गई आलोचना इस बात का प्रमाण है कि हम किसी खिलाड़ी की क्षमता को परखने में कितनी जल्दबाजी कर देते हैं.क्या वास्तव में किसी युवा खिलाड़ी का आकलन केवल एक मैच के प्रदर्शन के आधार पर किया जाना चाहिए? यह एक ऐसा सवाल है, जिस पर क्रिकेट प्रेमियों, विशेषज्ञों और चयनकर्ताओं को गंभीरता से विचार करने की जरूरत है.

वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) जब अपने नैचुरल अंदाज में मैदान पर उतरते हैं, तो उनका आक्रामक बल्लेबाजी कौशल विपक्षी टीम पर तुरंत दबाव बना देता है. उनकी यह निडरता, कुछ अलग कर दिखाने का अटूट संकल्प और खेल के प्रति समर्पण उन्हें एक साधारण खिलाड़ी से अलग खड़ा करता है.लेकिन मॉडर्न क्रिकेट में प्रसिद्धि, पैसा और लोकप्रियता जितनी रफ्तार से मिलती है, जिम्मेदारियों का बोझ भी उतनी ही तेजी से बढ़ जाता है. यह भारी भरकम बोझ और अपेक्षाओं का दबाव कई बार एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी के स्वाभाविक खेल पर बुरी तरह हावी हो जाता है. इतिहास गवाह है कि सचिन तेंदुलकर, विनोद कांबली, वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ जैसे महान क्रिकेटरों की अपनी अनूठी पहचान और उपलब्धियां रही हैं. वैभव सूर्यवंशी में भी वैसी ही विशिष्ट शैली और असाधारण प्रतिभा है. उनमें कुछ बड़ा कर दिखाने की ज‍िद है, लेकिन इस ज‍िद को एक मुकाम तक पहुंचाने और निखारने के लिए समय, धैर्य और सही मार्गदर्शन की सख्त जरूरत है.

रिकॉर्ड और वास्तविक क्षमता के बीच का अंतर
वैभव ने कम उम्र में ही जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उन्होंने सनसनी मचाई है. उन्हें आईपीएल नीलामी में 1.1 करोड़ रुपये की बड़ी रकम मिलने के साथ-साथ बेहद कम गेंदों में बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का गौरव प्राप्त है, जिसमें 440 गेंदों में 1,000 रन पूरे करना शामिल है. इसके अलावा, महज 11 गेंदों में विस्फोटक अर्धशतक जड़ना और 2026 के सीजन में 72 छक्कों की आतिशबाजी करना उनके आक्रामक रुख को बयां करता है. इन शानदार उपलब्धियों ने उनसे उम्मीदों के आसमान छूने जैसी स्थिति पैदा कर दी है. परंतु यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि किसी भी खिलाड़ी की महानता का फैसला केवल कुछ रिकॉर्डों या आंकड़ों से नहीं होता. असली महानता उसके पूरे करियर की निरंतरता, उतार-चढ़ाव से उबरने और सबसे बढ़कर कठिन परिस्थितियों में शानदार वापसी करने की क्षमता से तय होती है.

बदलता दौर और मॉडर्न क्रिकेट की चुनौतियां
एक समय था जब भारतीय टीम जब इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे कड़े दौरों पर जाती थी, तो वहां की उचाइयों, मौसम और पिचों के अनुकूल ढलने के लिए पर्याप्त अभ्यास मैच खेले जाते थे. आज का दौर पूरी तरह बदल चुका है. विदेशी धरती पर पहुंचते ही बिना किसी खास वार्म-अप के सीधे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शुरू हो जाते हैं. ऐसे व्यस्त और दबाव भरे माहौल में, युवा खिलाड़ियों को नई परिस्थितियों, विदेशी पिचों, मौसम और चुनौतीपूर्ण गेंदबाज़ी आक्रमण के अनुकूल ढलने के लिए पर्याप्त समय देना और भी अधिक अनिवार्य हो जाता है.

चयनकर्ताओं और विशेषज्ञों के नाम मैसेज
टेलीविजन स्क्रीन और समाचार-पत्रों की सुर्खियों में बैठने वाले विशेषज्ञों से यह विनम्र अपील है कि वे वैभव सूर्यवंशी पर अपनी तीखी टिप्पणियों और भारी-भरकम अपेक्षाओं का अनावश्यक दबाव न डालें. खेल के मैदान पर एक मैच की असफलता या नाकामी किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की क्षमता का अंत नहीं होती. आलोचना की जगह प्रोत्साहन, जल्दबाजी में फैसले लेने की प्रवृत्ति की जगह धैर्य और केवल रिकॉर्ड देखने के बजाय खिलाड़ी के संपूर्ण खेल के विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए. वैभव को अपने स्वाभाविक और बेखौफ खेल के साथ आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए. उन्हें हर सिंगल मैच में नया इतिहास रचने या रिकॉर्ड तोड़ने की मशीन बनाने के बजाय अपनी गलतियों से खुद सीखने, विदेशी परिस्थितियों को गहराई से समझने और अपने खेल को लगातार बेहतर बनाने की आजादी दी जानी चाहिए.

चयनकर्ताओं के लिए विशेष सावधानी
चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को भी यह समझना होगा कि वैभव जैसी असाधारण और दुर्लभ प्रतिभा हर रोज या आसानी से देखने को नहीं मिलती. ऐसे में यदि चयन प्रक्रिया या प्रबंधन के स्तर पर उनके साथ अत्यधिक जिद या अनावश्यक प्रयोग किए गए, तो यह देश की क्रिकेट प्रतिभा के साथ बहुत बड़ा अन्याय होगा. क्रिकेट जगत में एक पुरानी कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है सावधान हटी, दुर्घटना घटी. यदि हमने इस नायाब हीरे को सहेजने में थोड़ी भी लापरवाही बरती, तो हम एक महान भविष्य को समय से पहले ही खो सकते हैं.

अंततः, पूरी उम्मीद है कि यह युवा और प्रतिभावान क्रिकेटर अपनी मेहनत, दृढ़ संकल्प और असाधारण कौशल के दम पर आने वाले समय में पूरी क्रिकेट दुनिया को एक बार फिर चौंकाएगा. वैभव सूर्यवंशी का सफर अभी शुरुआती दौर में है, और उन्हें सही दिशा देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है.



Source link