ग्रोसरी ऐप से मंगाया था दही, फटा निकला पैकेट, रिफंड के चक्कर में महिला ने गंवा दिए 98 हजार रुपये

ग्रोसरी ऐप से मंगाया था दही, फटा निकला पैकेट, रिफंड के चक्कर में महिला ने गंवा दिए 98 हजार रुपये


Last Updated:

बेंगलुरु में एक महिला ने ग्रोसरी ऐप से दही का पैकेट मंगाया लेकिन वह फटा न‍िकला. इसके बाद उसने गूगल सर्च कर कस्‍टमर केयर पर फोन लगाने की कोश‍िश की. इसी एक गलती की वजह से उसके बैंक खाते से 98,000 रुपये उड़ गए.

Zoom

दही मंगाकर लाख रुपये गंवा बैठी मह‍िला.

बेंगलुरु से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है. 56 साल की एक महिला ने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से दही का पैकेट मंगाया. पैकेट फटा हुआ था. मह‍िला ने सोचा इसका रिफंड ले लेते हैं. उसने गूगल पर सर्च क‍िया. बस इसी एक गलती की वजह से महिला के बैंक खाते से 98000 रुपये उड़ गए.

बेंगलुरु के वसंत नगर की रहने वाली इस मह‍िला ने बताया क‍ि 17 अक्टूबर को उसने दही ऑर्डर किया था. डिलीवरी वाले ने ही फटा हुआ पैकेट द‍िया. महिला ने तुरंत डिलीवरी एजेंट से शिकायत की. एजेंट ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि इसके लिए उन्हें कंपनी के कस्टमर केयर से बात करनी होगी. महिला ने इंटरनेट पर ब्लिंकिट का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया और जो भी नंबर सबसे ऊपर दिखा, उस पर कॉल लगा दिया.

WhatsApp पर आया लिंक और बिछ गया जाल

कॉल उठाने वाले शख्स ने बड़ी आसानी से रिफंड दिलाने का भरोसा दिया. उसने महिला के वॉट्सऐप पर एक लिंक भेजा और कहा कि इस लिंक पर जाकर फटे हुए पैकेट की फोटो अपलोड कर दें. महिला ने बताए गए निर्देश मान लिए. फोटो सबमिट होते ही एक दूसरे ठग का कॉल आया. उसने महिला से कहा कि आपका रिफंड प्रोसेस कर दिया गया है, कन्फर्म करने के लिए अपना डिजिटल पेमेंट (UPI) ऐप खोलकर अकाउंट बैलेंस चेक कर लीजिए.

पासवर्ड डालते ही स्क्रीन से ऐप गायब, खाता साफ

ठग की बातों में आकर महिला ने जैसे ही अपना पेमेंट ऐप खोला और बैलेंस चेक करने के लिए अपना पासवर्ड (PIN) दर्ज किया, अचानक वह ऐप फोन की स्क्रीन से गायब हो गया. इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, उसके बैंक खाते से 98,000 रुपये कटने का मैसेज आ गया. रिफंड के नाम पर हैकर्स ने फोन का एक्सेस लेकर पूरा खाता खाली कर दिया था.

साइबर पुलिस कर रही जांच

खुद के साथ हुई इस बड़ी ठगी का अहसास होने पर महिला तुरंत सेंट्रल साइबर क्राइम पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है. यह मामला साफ तौर पर बताता है कि कभी भी इंटरनेट पर सर्च करके किसी कस्टमर केयर नंबर पर कॉल नहीं करना चाहिए, क्योंकि हैकर्स अपने फर्जी नंबर वहां एसईओ (SEO) के जरिए ऊपर रैंक कराकर रखते हैं.



Source link