Last Updated:
Gaya Bangkok Direct Flight: गयाजी से अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिली है. गयाजी एयरपोर्ट से पहली बार इंडिगो की सीधी उड़ान बैंकॉक के लिए रवाना हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर विमान को रवाना किया. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
गयाजी से बैंकॉक की सीधी उड़ान शुरू
बिहार के गयाजी एयरपोर्ट से इंडिगो की पहली सीधी उड़ान बैंकॉक के लिए रवाना हो गई है. सोमवार (26 अक्टूबर) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विमान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस सेवा के शुरू होने से बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी. साथ ही बिहार और थाईलैंड के बीच हवाई सफर आसान होने से पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
गयाजी एयरपोर्ट पर हुआ उद्घाटन कार्यक्रम
गयाजी एयरपोर्ट पर जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और एयरपोर्ट डायरेक्टर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस मौके पर इमामगंज विधायक दीपा मांझी और बेलागंज विधायक मनोरमा देवी भी मौजूद रहीं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैंकॉक के लिए शुरू हुई सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाई. यह सेवा गयाजी और थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बीच यात्रियों को सीधा हवाई संपर्क उपलब्ध कराएगी.
सप्ताह में दो दिन चलेगी इंडिगो की उड़ान
इंडिगो की गयाजी-बैंकॉक सीधी उड़ान सप्ताह में दो दिन, सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी. एयरलाइन की घोषित समय-सारणी के मुताबिक, गयाजी से उड़ान दोपहर 1.15 बजे रवाना होकर बैंकॉक पहुंचेगी. वापसी में बैंकॉक से विमान सुबह 10.15 बजे उड़ान भरेगा और दोपहर 12.15 बजे गयाजी पहुंचेगा. अब बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को दिल्ली या कोलकाता के रास्ते यात्रा करने की जरूरत नहीं होगी. इससे समय की बचत होगी और यात्रा पहले की तुलना में आसान हो सकेगी.
बौद्ध श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों को मिलेगी सुविधा
बोधगया भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली है. यहां स्थित महाबोधि मंदिर में हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. थाईलैंड में भी बौद्ध धर्म के अनुयायियों की बड़ी संख्या है. ऐसे में गयाजी और बैंकॉक के बीच सीधी उड़ान को बौद्ध पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सीधी उड़ान से थाईलैंड से आने वाले पर्यटकों और बिहार से बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी. होटल, परिवहन और स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.
पहले भी शुरू हुईं घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें
बता दें कि गयाजी एयरपोर्ट से रविवार को भी कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू हुई थीं. एयर इंडिया ने दिल्ली-गयाजी के बीच उड़ान शुरू की. वहीं, थाई एयर एशिया की डॉन मुएंग-गयाजी सेवा और म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल की यंगून-गयाजी उड़ान भी शुरू हुई. नई उड़ानों के साथ गयाजी एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी मजबूत होने की संभावना है. इससे बोधगया समेत बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो सकती है.