पडिक्कल की फिफ्टी से इंडिया ए का पलटवार, कीवियों की दूसरी पारी में हालत खराब
Last Updated:
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के दूसरे दिन इंडिया ए की टीम शुरुआत झटके से उबरते हुए 2 विकेट पर 106 रन बना लिया है. दूसरी पारी में इंडिया ए ने यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल के रूप में अपने दो विकेट गंवाए, लेकिन इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने मिलकर विकेट को गिरने नहीं दिया.
देवदत्त ने इंडिया ए के लिए लगाई फिफ्टी
नई दिल्ली: देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने जुझारू बल्लेबाजी इंडिया ए टीम ने दमदार वापसी की है. न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट के दूसरे दिन मेहमान टीम शुरुआती झटकों से उबरने में सफल रही. पहली पारी में 113 रन पर आउट होने वाली भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 106 रन बनाए हैं. इससे पहले न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में 317 रन बनाकर 204 रन की बढ़त हासिल की थी. इस तरह से भारतीय टीम अभी उससे 98 रन पीछे है.
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (05) और केएल राहुल (04) मैच में दूसरी बार फ्लॉप रहे, जिससे भारतीय टीम दूसरी पारी में 10 रन पर दो विकेट गंवाने से संकट में पड़ गई. इसके बाद पडिक्कल (89 गेंदों पर नाबाद 56 रन) और सुदर्शन (104 गेंदों पर नाबाद 39 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 96 रन की अटूट साझेदारी करके पारी को संभाला. इस साझेदारी में पडिक्कल अधिक आक्रामक खेले. उन्होंने अभी तक अपनी पारी में नौ चौके लगाए हैं, जबकि सुदर्शन ने पांच चौके जड़े हैं.
देवदत्त पडिक्कल ने पहली पारी में खेली महत्वपूर्ण पारी
पडिक्कल ने पहली पारी में भी 77 गेंद पर 32 रन बनाए थे और तब उन्होंने लगभग दो घंटे क्रीज पर बिताए थे. भारत का दारोमदार पडिक्कल और सुदर्शन पर टिका है. यह दोनों अपनी साझेदारी को मजबूत करने की कोशिश करेंगे जिससे कि भारतीय टीम न्यूजीलैंड ए के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रख सके. भारतीय टीम कप्तान ध्रुव जुरेल, यश राठौड़ और वाशिंगटन सुंदर से अच्छे योगदान की उम्मीद करेगी.
न्यूजीलैंड ए ने सुबह अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 135 रन से आगे बढ़ाई और उसकी टीम 89.3 ओवर में 317 रन पर आउट हो गई. मेजबान टीम के कप्तान रीस मारियू ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 137 गेंदों पर 76 रन जबकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 51 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज कर्टिस हीफी (44), क्रिस्टियन क्लार्क (42) और विकेटकीपर मिशेल हे (24) ने भी उपयोगी योगदान दिया.
भारतीय गेंदबाजों ने दिखी अनुशासन की कमी
भारत के गेंदबाजों में अनुशासन की कमी थी और उन्होंने 46 अतिरिक्त रन दिए. भारतीय गेंदबाजों में तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज (52 रन देकर तीन विकेट) और औकिब नबी (69 रन देकर तीन विकेट) ने तीन-तीन विकेट लिए. आकाश दीप ने दो जबकि मुकेश चौधरी और वाशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिया.