घर पर झटपट बनाएं हरी मिर्च का चटपटा अचार, खाने का स्वाद हो जाएगा दोगुना
Last Updated:
Instant Green Chili Pickle Recipe: खाने की थाली में अगर चटपटा अचार मिल जाए, तो साधारण खाना भी स्वादिष्ट लगने लगता है. खासकर हरी मिर्च का अचार दाल-चावल से लेकर पराठे तक के साथ खूब पसंद किया जाता है. लेकिन कई बार अचार बनाने के लिए धूप में सुखाने और कई दिनों तक इंतजार करने का समय नहीं होता. ऐसे में आप घर पर ही हरी मिर्च का इंस्टेंट अचार बना सकती हैं. इसे तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसके लिए आपको बहुत सारी चीजों की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. आइए जानते हैं हरी मिर्च का चटपटा अचार बनाने का आसान तरीका.
हरी मिर्च का इंस्टेंट अचार बनाने के लिए 200 ग्राम हरी मिर्च, 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल, 2 छोटे चम्मच सौंफ, 1 छोटा चम्मच राई या पीली सरसों का दरदरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच मेथी दाना, आधा छोटा चम्मच हल्दी, स्वादानुसार नमक और 2 बड़े चम्मच नींबू का रस लें. आप चाहें तो इसमें एक चुटकी हींग भी डाल सकती हैं.
सबसे पहले हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से पूरी तरह सुखा लें. मिर्च में नमी नहीं रहनी चाहिए. अब इनके डंठल हटाकर मिर्च को लंबे-लंबे टुकड़ों में काट लें. अगर आपको कम तीखा अचार पसंद है, तो मिर्च के बीज निकाल सकती हैं.
अब एक पैन में सौंफ और मेथी दाना डालकर धीमी आंच पर हल्का भून लें. ध्यान रखें कि मसाले जलने नहीं चाहिए. ठंडा होने पर इन्हें दरदरा पीस लें. इससे अचार में मसालों का स्वाद और खुशबू अच्छी तरह आएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब पैन में सरसों का तेल गर्म करें. इसके बाद गैस बंद करके तेल को थोड़ा ठंडा होने दें. अब इसमें हींग, हल्दी, दरदरी पिसी सौंफ-मेथी और राई का पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. ताकि अचार में एकसमान फ्लेवर आए और उसका स्वाद दोगुना हो जाए.
इसके बाद तेल और मसालों के मिश्रण में कटी हुई हरी मिर्च और स्वादानुसार नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. अब धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक पकाएं, ताकि मिर्च थोड़ी नरम हो जाए, लेकिन उसका कुरकुरापन बना रहे. इस तरह आपका अचार एकदम टेस्टी बनेगा.
अचार तैयार होने के बाद आखिर में अचार में 2 बड़े चम्मच नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद गैस बंद कर दें और अचार को ठंडा होने दें. इस तरह आपका चटपटा हरी मिर्च का इंस्टेंट अचार तैयार हो जाएगा. इसे आप दाल-चावल, पराठे या रोटी के साथ इसका स्वाद ले सकते हैं. अचार की टी रेसिपी आपके खाने के स्वाद को एकदम बढ़ा देगी.
अचार बनाने के लिए हमेशा ताजी और सख्त हरी मिर्च चुनें. मिर्च धोने के बाद उसे अच्छी तरह सुखाना जरूरी है, ताकि अचार में अनचाही नमी न रहे. मसालों को हल्का भूनने से उनका स्वाद और खुशबू अच्छी आती है. अगर आपको खट्टा अचार पसंद है, तो नींबू का रस थोड़ा बढ़ा सकती हैं. चूंकि यह इंस्टेंट अचार है और इसमें नमी भी रहती है, इसलिए इसे साफ और सूखे बर्तन में रखकर फ्रिज में रखें. अचार निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें. इसे लंबे समय तक कमरे के तापमान पर रखकर स्टोर न करें.