Last Updated:
गोपालगंज में बीजेपी एमएलसी के होटल राजीव रीजेंसी में रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. बाइक की चाबी को लेकर हुए विवाद के बाद यह खूनी संघर्ष हुआ. पुलिस ने मुजफ्फरपुर के रहने वाले दोनों आरोपी होटल कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है.
होटल राजीव रीजेंसी में खूनी खेल
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नगर थाना क्षेत्र के बंजारी रोड पर स्थित होटल राजीव रीजेंसी में एक रेस्टोरेंट कैप्टन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है .यह होटल बीजेपी एमएलसी राजीव कुमार का बताया जा रहा है. इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बाइक की चाबी को लेकर हुआ था खूनी विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अनीश कुमार के रूप में हुई है. वह हथुआ थाना क्षेत्र के टड़वा गांव के रहने वाले स्व. बिजेंद्र सिंह का 21 वर्षीय बेटा था. अनीश पिछले तीन महीनों से इस होटल में रेस्टोरेंट कैप्टन के रूप में काम कर रहा था.
चश्मदीद होटल कर्मियों ने बताया कि आरोपी राहुल कुमार का रात में जन्मदिन था. उसने पार्टी करने के बाद अनीश से बाइक की चाबी मांगी थी. नियम के मुताबिक चाबी काउंटर पर जमा करने की बात कही गई थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने किचन में जाकर अनीश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बचाव करने आए तीन स्टाफ भी जख्मी
इस पूरी घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए होटल के तीन अन्य स्टाफ भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर के रहने वाले दोनों आरोपी होटल स्टाफ राहुल कुमार और गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच चल रही है.
शव रखकर परिजनों का हंगामा
घटना के बाद से मृतक के परिवार वालों में भारी आक्रोश है. गुस्से में आए परिजनों और स्थानीय लोगों ने होटल के बाहर शव को रखकर धरना शुरू कर दिया है. परिजन मौके पर होटल मालिक और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं. वे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों को समझाने और शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं. इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी रहे.