Last Updated:
How to start mehndi art : अगर आपको भी मेहंदी लगाने का शौक है तो इसे कमाई का जरिया बना सकते हैं. घर से ही इसकी शुरुआत की जा सकती है. लोकल 18 से रामपुर की मेहंदी आर्टिस्ट स्वाति बताती हैं कि इस काम में सबसे जरूरी है मेहंदी को लगाना सीखना, लगातार प्रैक्टिस करना और अपनी डिजाइन को बेहतर बनाना. इसके लिए एक महीने का कोर्स भी कर सकते हैं. स्वाति बताती हैं कि उन्होंने 15 साल की उम्र में मेहंदी लगाना शुरू कर दिया था. करीब एक महीने मेहंदी सीखने के बाद लगातार प्रैक्टिस करती रहीं. धीरे-धीरे उनके हाथ में सफाई आती गई और डिजाइन पहले से बेहतर होती गई.
रामपुर. शादी हो या त्योहार हाथों में मेहंदी लगवाने का शौक खूब देखने को मिलता है. खासकर शादी के सीजन में दुल्हन से लेकर घर की दूसरी महिलाओं तक मेहंदी लगवाती हैं. ऐसे में अगर आपको मेहंदी लगाने का शौक है और अच्छी डिजाइन बनाना जानते हैं तो इसे कमाई का जरिया बना सकते हैं. इस काम को शुरू करने के लिए बड़ी दुकान या ज्यादा पैसे लगाने की जरूरत नहीं है. घर से ही इसकी शुरुआत की जा सकती है. रामपुर की मेहंदी आर्टिस्ट स्वाति लोकल 18 से बताती हैं कि इस काम में सबसे जरूरी है मेहंदी लगाना सीखना, लगातार प्रैक्टिस करना और अपनी डिजाइन को बेहतर बनाना. अगर आप मेहंदी लगाने का काम शुरू करना चाहते हैं तो सबसे पहले इसकी डिजाइन बनाना सीखना होगा. इसके लिए एक महीने का कोर्स कर सकते हैं.
घर में डिजाइन बनाने की प्रैक्टिस
स्वाति बताती हैं कि उन्होंने भी 15 साल की उम्र में मेहंदी लगाना शुरू किया था. करीब एक महीने मेहंदी सीखने के बाद लगातार प्रैक्टिस करती रहीं. इससे धीरे-धीरे उनके हाथ में सफाई आती गई और डिजाइन पहले से बेहतर होती गई. मेहंदी सीखने के लिए आप किसी आर्टिस्ट से ट्रेनिंग ले सकते हैं. इसके अलावा घर पर भी डिजाइन बनाने की प्रैक्टिस कर सकते हैं. शुरुआत में आसान डिजाइन बनाएं और फिर धीरे धीरे दूसरी डिजाइन बनाना सीखें. दोस्तों और परिवार के लोगों के हाथों पर मेहंदी लगाकर भी अभ्यास कर सकते हैं. इससे काम में सुधार होगा और मेहंदी लगाने का अनुभव भी बढ़ेगा.
मेहंदी लगाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती. शुरुआत में मेहंदी और जरूरी सामान खरीदकर काम शुरू किया जा सकता है. स्वाति के मुताबिक इस काम में करीब एक हजार रुपये से भी शुरुआत की जा सकती है. शुरुआत में कम चार्ज रखकर ग्राहक बना सकते हैं। जैसे जैसे आपकी डिजाइन बेहतर होती जाए और काम मिलने लगे उसी हिसाब से अपनी फीस तय कर सकते हैं. इसके लिए जरूरी है कि मेहंदी लगाने के बाद उसकी डिजाइन अच्छी दिखे और ग्राहक आपके काम से संतुष्ट हो.
कितने रुपये से शुरू
मेहंदी लगाने की कमाई डिजाइन और काम के हिसाब से तय होती है. स्वाति बताती हैं कि वह सामान्य मेहंदी लगाने के करीब दो हजार रुपये लेती हैं. दुल्हन के हाथों में मेहंदी लगाने का चार्ज पांच से छह हजार रुपये तक होता है. सामान्य मेहंदी लगाने में एक से दो घंटे लगते हैं जबकि ब्राइडल मेहंदी लगाने में चार से पांच घंटे तक का समय लग सकता है. इस काम में फीस तय करने से पहले डिजाइन उसे बनाने में लगने वाला समय और ग्राहक की जरूरत को ध्यान में रखना चाहिए. शुरुआत में छोटे ऑर्डर लेकर अनुभव बढ़ाया जा सकता है. इसके बाद शादी और त्योहारों के लिए बुकिंग मिलने पर काम को आगे बढ़ा सकते हैं.
डिजाइन के हिसाब से फीस
मेहंदी लगाने का काम पूरे साल किया जा सकता है लेकिन शादी और त्योहारों के समय इसकी मांग बढ़ जाती है. स्वाति के मुताबिक अक्टूबर से मार्च तक महंदी सीजन अच्छा रहता है. त्योहार आने से पहले ही लोग मेहंदी लगवाने के लिए बुकिंग कराने लगते हैं. शादी के सीजन में भी पहले से तारीख तय हो जाती है और डिजाइन के हिसाब से फीस निर्धारित की जाती है. मेहंदी लगाने का काम शुरू करने वालों के लिए यह जरूरी है कि वे त्योहारों और शादी के सीजन से पहले अपनी तैयारी पूरी रखें. अपने बनाए डिजाइन की तस्वीरें भी संभालकर रख सकते हैं ताकि ग्राहक को अपना काम दिखा सकें. इस काम को घर से शुरू करने का एक फायदा यह भी है कि शुरुआत में दुकान लेने की जरूरत नहीं होती. ग्राहक की बुकिंग के हिसाब से उनके घर जाकर भी मेहंदी लगाई जा सकती है.