सीवान पटाखा विस्फोट: सास, बहू और बेटी ने बताई हादसे की कहानी, बेटे की हत्या के बाद शुरू किया बड़ा कारोबार, बेटियों की शादी से पहले मातम

सीवान पटाखा विस्फोट: सास, बहू और बेटी ने बताई हादसे की कहानी, बेटे की हत्या के बाद शुरू किया बड़ा कारोबार, बेटियों की शादी से पहले मातम


Last Updated:

Siwan Blast: सीवान के आलमपुर गांव में पटाखा विस्फोट में पांच लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवार ने कई बड़े खुलासे किए हैं. जिस मकान में भीषण विस्फोट हुआ, वहां से जिंदा बचीं सास, बहू और बेटी ने न्यूज-18 के कैमरे पर हादसे की पूरी कहानी बताई.

Zoom

सीवान आलमपुर पटाखा विस्फोट में 5 मौत के बाद परिवार का खुलासा, 42 साल से बन रहा था पटाखा

सीवान के आलमपुर गांव में पटाखा विस्फोट में पांच लोगों की मौत के बाद अब पीड़ित परिवार ने कई बड़े खुलासे किए हैं. जिस मकान में भीषण विस्फोट हुआ, वहां से जिंदा बची सास, बहू और बेटी ने न्यूज-18 के कैमरे पर हादसे की पूरी कहानी बयां की है. परिवार का आरोप है कि गांव में करीब 42 वर्षों से पटाखा बनाने का काम होता था और पहले भी हादसा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद पटाखा बनाने का कारोबार बंद नहीं हुआ.

मृतक पटाखा कारोबारी अमीरुदीन मियां की पत्नी जहरीना खातून ने बताया कि परिवार लंबे समय से पटाखा बनाने के काम में लगा था. दिसंबर 2025 में उनके बेटे आजाद आलम और पोते शाहनवाज आलम की हत्या के बाद परिवार की जिम्मेदारी और बढ़ गई. इसके बाद अमीरुदीन ने बड़े पैमाने पर पटाखा बनाने का काम शुरू कर दिया.

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मुस्कान लापता

वहीं, अमीरुदीन की बहू साबरीन खातून के मुताबिक, परिवार की दो बेटियों मुस्कान खातून और इशरत खातून की शादी तय हो चुकी थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. परिवार में पांच बेटियां हैं, लेकिन विस्फोट के बाद से मुस्कान खातून लापता है. इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है. अब पीड़ित परिवार गांव छोड़कर कहीं दूसरी जगह जाने की बात कह रहा है.

पुलिस की कार्रवाई, थानाध्यक्ष सस्पेंड

इधर, पीड़ित परिवार का बयान दर्ज करने के लिए सीवान पुलिस गोपालगंज के लिए रवाना हो चुकी है. बता दें कि 23 अक्टूबर को सीवान के जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अमीरुदीन मियां के घर पटाखा विस्फोट हुआ था. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि मुस्कान खातून अब तक लापता है. वहीं, कार्रवाई के नाम पर जामो थानाध्यक्ष धीरज कुमार और स्थानीय चौकीदार को सस्पेंड किया गया है.



Source link