शाहीन अफरीदी ने रचा इतिहास… 80वें वनडे में पूरे किए 150 विकेट, शमी के बराबर पहुंचे, अख्तर छूट गए पीछे

शाहीन अफरीदी ने रचा इतिहास… 80वें वनडे में पूरे किए 150 विकेट, शमी के बराबर पहुंचे, अख्तर छूट गए पीछे


Last Updated:

Shaheen Afridi 150 ODI Wickets: शाहीन शाह अफरीदी ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में पाकिस्तानी इतिहास रच दिया. मैच के पहले ही ओवर में टॉम बैंटन का विकेट लेते ही शाहीन ने अपने 80वें वनडे मैच में 150 विकेट पूरे किए. इसके साथ ही वे मोहम्मद शमी के साथ संयुक्त रूप से दुनिया के दूसरे सबसे तेज 150 वनडे विकेट लेने वाले पेसर बन गए. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने घरेलू धरती पर शोएब अख्तर को भी पीछे छोड़ दिया है.

तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) के लिए रविवार का दिन बेहद खास बन गया. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ ट्राई-सीरीज के चौथे वनडे मैच में पाकिस्तानी कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इस मैच की शुरुआत ही पाकिस्तानी खेमे के लिए किसी सपने जैसी रही, क्योंकि कप्तान शाहीन ने पारी के पहले ही ओवर में इंग्लिश खेमे को बड़ा झटका दे दिया.

मैच के पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी ने इंग्लैंड के ओपनर टॉम बैंटन को पवेलियन का रास्ता दिखाया. बैंटन मात्र 4 रन बनाकर 5 गेंदों का सामना करने के बाद आउट हो गए. इस विकेट ने न सिर्फ पाकिस्तान को मैच में शानदार शुरुआत दिलाई, बल्कि शाहीन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के एक बड़े मुकाम पर भी पहुंचा दिया.

टॉम बैंटन का यह विकेट शाहीन शाह अफरीदी के वनडे करियर का 150वां विकेट साबित हुआ. इसके साथ ही शाहीन दुनिया में सबसे तेज 150 वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. अपने 80वें वनडे मैच में मैदान पर उतरे शाहीन ने मैच की महज पांचवीं गेंद पर ही यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अपने 80वें मैच में 150वां विकेट लेने के मामले में शाहीन शाह अफरीदी ने भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की बराबरी कर ली है. शमी ने भी अपने करियर के 80वें वनडे मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल के मैदान पर 12 जुलाई 2022 को अपने 150 वनडे विकेट पूरे किए थे. अब शमी और शाहीन दोनों ही इस खास क्लब में संयुक्त रूप से शामिल हैं.

वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के घातक गेंदबाज मिचेल स्टार्क पहले स्थान पर काबिज हैं. स्टार्क ने अपनी शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 77वें वनडे मैच में ही 150 विकेटों का जादुई आंकड़ा छू लिया था उन्होंने यह मुकाम 6 जून 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज के मैदान पर हासिल किया था.

यदि सभी गेंदबाजों (स्पिन और पेस) की बात की जाए, तो नेपाल के लेग स्पिनर और ओडीआई कप्तान संदीप लामिछाने सबसे कम मैचों में 150 विकेट लेने वाले दुनिया के नंबर एक गेंदबाज हैं. लामिछाने ने हाल ही में 18 मई 2026 को कीर्तिपुर में स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने करियर के महज 73वें मैच में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था. इस ल‍िस्‍ट में उनके बाद मिचेल स्टार्क (77 मैच) और पाकिस्तान के सकलैन मुश्ताक (78 मैच) का नाम आता है.

अपने देश के संदर्भ में बात करें तो शाहीन शाह अफरीदी पाकिस्तान के लिए वनडे में 150 विकेट तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज गेंदबाज बन गए हैं. पाकिस्तान के लिए यह रिकॉर्ड महान स्पिनर सकलैन मुश्ताक के नाम दर्ज है, जिन्होंने 16 जनवरी 1998 को ढाका में भारत के खिलाफ अपने 78वें वनडे मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी और पूरे 21 साल तक इस रिकॉर्ड पर अपना कब्जा बनाए रखा था.

गद्दाफी स्टेडियम में शाहीन का जलवा यहीं नहीं रुका. उन्होंने अपने दूसरे और पारी के तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट को भी चलता किया. सैम अयूब के हाथों कैच आउट होने वाले रूट के इस विकेट ने शाहीन को पाकिस्तान की धरती पर सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाजों की फेहरिस्त में शोएब अख्तर से आगे निकाल दिया.

महज 28 मैचों में ही पाकिस्तान की पिचों पर 47 विकेट और अपने वनडे करियर के 80वें मैच में 150वां शिकार करने वाले शाहीन शाह अफरीदी इस समय अपनी टीम के मुख्य स्तंभ हैं. कप्तान के रूप में उनकी यह जिम्मेदारी और मैदान पर उनका आक्रामक प्रदर्शन यह साबित करता है कि वह आने वाले समय में विश्व क्रिकेट के कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने की पूरी क्षमता रखते हैं.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link