रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं अयोध्या? 1 नवंबर से बदल जाएगा आरती और दर्शन का समय

रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं अयोध्या? 1 नवंबर से बदल जाएगा आरती और दर्शन का समय


Last Updated:

Ayodhya Ram Mandir Winter Timing: अयोध्या में रामलला के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें. श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 1 नवंबर से दर्शन और आरती की नई समय-सारणी लागू होने जा रही है. सर्दियों को देखते हुए रामलला के पट खुलने और बंद होने का समय बदल दिया गया है.

अयोध्या: दिवाली से पहले प्रभु राम की नगरी अयोध्या आने का प्लान बना रहे हैं? राम मंदिर में दर्शन पूजन करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. दरअसल, रामनगरी अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला के दर्शन-पूजन और आरती की समय-सारणी में बदलाव किया गया है. एक नवंबर से मंदिर में शीतकालीन समय-सारणी लागू होगी. इसके तहत रामलला के पट सुबह चार बजे खुलेंगे और रात दस बजे बंद होंगे. मंगला आरती से लेकर शयन आरती तक के समय में बदलाव किया गया है. इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए आरती के दौरान दर्शन व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं.

नई समय-सारणी के अनुसार रामलला की मंगला आरती सुबह 4:30 बजे होगी, जबकि श्रृंगार आरती सुबह 6:30 बजे संपन्न होगी. सुबह आठ बजे से 8:10 बजे तक भगवान को बालभोग लगाया जाएगा. वहीं, मध्याह्न विश्राम का समय दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है.शाम की आरती और रात्रि दर्शन के समय में भी बदलाव किया गया है. नई व्यवस्था के तहत संध्या आरती शाम सात बजे होगी, जबकि शयन आरती रात 9:30 बजे संपन्न होगी.इसके बाद रात दस बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे. पहले रामलला के पट बंद होने का समय रात 10:30 बजे था.

1 नवंबर से बदलेगा समय
राम मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास के मुताबिक सर्दियों में सुबह देर तक अंधेरा रहने और दिन की अवधि कम होने के कारण दर्शन-पूजन की समय-सारणी में बदलाव किया गया है. यह व्यवस्था एक नवंबर से लागू होगी.

श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए बदला गया समय
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरती के दौरान दर्शन व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. राजकुमार दास के अनुसार आरती के लिए जारी किए जाने वाले पास की संख्या दोगुनी कर दी गई है. साथ ही, अब आरती के दौरान पट खुलते ही आम श्रद्धालु भी बिना पास के रामलला के दर्शन कर सकेंगे.हालांकि, पासधारकों के लिए विशेष व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी.

मंदिर प्रशासन की ओर से किए गए इन बदलावों का उद्देश्य रामलला के दर्शन के लिए देश-विदेश से अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करना है. नई समय-सारणी लागू होने के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन और आरती के लिए निर्धारित समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी.



Source link