Last Updated:
Ujjain News: जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के जूनासोमवारिया के रहने वाले प्रदीप मालवीय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम गोंसा के रहने वाले बदमाश सागर ने धौंस दिखाकर उससे अवैध वसूली करने की कोशिश की. पैसे देने से मना करने पर उसने मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी.
जीवाजीगंज पुलिस ने आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है.
रिपोर्ट- अजय कुमार पटवा, उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन में खौफ दिखाकर अवैध वसूली करने और आम लोगों को धमकाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. ताजा मामला जीवाजीगंज थाना क्षेत्र का है, जहां रुपये देने से इनकार करने पर एक बदमाश ने युवक के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. खास बात यह है कि आरोपी के खिलाफ अन्य मामलों में चार स्थायी और तीन गिरफ्तारी वारंटों में भी उसकी तलाश थी.
मिली जानकारी के अनुसार, मामला 23 अक्टूबर का है. जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के जूनासोमवारिया निवासी 34 वर्षीय प्रदीप मालवीय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम गोंसा निवासी सागर पिता गणेश ने धौंस दिखाकर उससे अवैध वसूली करने का प्रयास किया. रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने प्रदीप के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी.
मामला दर्ज कर जांच शुरू
शिकायत मिलने के बाद जीवाजीगंज पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी सागर पिता गणेश बलाई को गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी की अन्य प्रकरणों में भी तलाश थी. न्यायालय द्वारा जारी चार स्थायी वारंट और तीन गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 7 वारंट आरोपी के खिलाफ लंबित थे. फिलहाल पुलिस संबंधित मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. इस कार्रवाई में जीवाजीगंज थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में रंगदारी, अवैध वसूली और आमजन को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिसकर्मियों को भारी पड़ा समझाइश देना
वहीं एक अन्य मामले में उज्जैन में शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को समझाइश देना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया. दरअसल नीलगंगा थाना क्षेत्र के सावराखेड़ी रोड स्थित बंधन गार्डन के सामने 7 से 8 युवक सार्वजनिक सड़क पर शराब पीकर हंगामा कर रहे थे. मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें समझाइश देकर घर जाने को कहा, तो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ झूमाझटकी शुरू कर दी. घटना में तीन पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य फरार युवकों की तलाश जारी है.