Last Updated:
Jhansi Latest News: उत्तर प्रदेश के झांसी में किन्नरों के एक समूह के हंगामे से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. बधाई मांगने के इलाके को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया और कपड़े उतारकर विरोध जताया. इस दौरान राहगीरों से अभद्रता और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप भी लगे.
झांसी में किन्नरों के हंगामे से मचा बवाल.
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय के पास शनिवार को जमकर हंगामा हुआ. किन्नरों के एक समूह ने सड़क जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन के दौरान कपड़े उतार दिए. इस दौरान राहगीरों से अभद्रता और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोप भी लगे. मामला बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने इस मामले में चार किन्नरों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. लेकिन सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि विरोध प्रदर्शन सड़क पर हंगामे में बदल गया?
दरअसल, झांसी में किन्नरों के दो गुटों के बीच बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में एक पक्ष की अंशिका उर्फ अभिषेक ने आरोप लगाया कि दूसरे गुट के लोग उसे धमका रहे हैं और उसके साथ मारपीट की गई है. इस मामले को लेकर दोनों पक्ष पहले भी नवाबाद थाने पहुंचे थे.
बताया जा रहा है कि 21 अक्टूबर को विवाद के दौरान अंशिका ने थाने में फिनाइल पीने की कोशिश की थी. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. उसके साथियों का आरोप था कि शिकायत के बावजूद पुलिस दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है. इसी नाराजगी के चलते शनिवार को एक समूह एसएसपी कार्यालय पहुंच गया.
सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, पुलिस से भी उलझे
शनिवार को प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया. आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने अपने कपड़े उतार दिए और वहां से गुजर रहे लोगों के साथ अभद्रता की. सड़क से वाहनों को निकलने से रोका गया. मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी प्रदर्शनकारियों की कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई.
हंगामे की सूचना मिलने पर नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर सड़क पर यातायात बहाल कराया. इसके बाद मामले में कार्रवाई करते हुए चार किन्नरों और एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप
प्रदर्शन कर रहे समूह का आरोप था कि दूसरे गुट के साथ विवाद और मारपीट की शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई. इसी बात को लेकर वे एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायतों की जांच की जा रही थी. अब सड़क जाम करने, हंगामा करने और पुलिसकर्मियों के साथ कथित अभद्रता के मामले में कानूनी कार्रवाई की गई है.