Last Updated:
केन्या में रविवार सुबह बस और ट्रक की टक्कर में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं. हादसा नैरोबी-मोम्बासा हाईवे पर हुआ, जहां तीन सप्ताह पहले भी एक दुर्घटना में 17 लोगों की जान गई थी. बस में सवार यात्री अंतिम संस्कार से लौट रहे थे. आखिर एक ही सड़क पर बार-बार इतने बड़े हादसे क्यों हो रहे हैं?
केन्या में बस-ट्रक टक्कर(AI Generated Image)
नैरोबी: एक सफर से लौट रहे लोगों को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है. केन्या में एक बस और ट्रक की जोरदार टक्कर ने 22 लोगों की जान ले ली. हादसा उस हाईवे पर हुआ, जहां तीन हफ्ते पहले भी 17 लोगों की मौत हुई थी. हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना केन्या के उस मुख्य राजमार्ग पर हुई, जो राजधानी नैरोबी को तटीय शहर मोम्बासा से जोड़ता है. रविवार सुबह बस और ट्रक की टक्कर इतनी गंभीर थी कि इसमें कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
अंतिम संस्कार से लौट रहे थे यात्री
जानकारी के अनुसार, बस में सवार यात्री एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटने का उनका सफर इतना दर्दनाक हो जाएगा. हादसे में कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. मकुएनी काउंटी के आयुक्त अब्दुल्लाही खलीफ ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
तीन हफ्ते पहले भी गई थी लोगों की जान
इस हादसे ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि दुर्घटना वाली जगह पर तीन सप्ताह पहले भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था. उस दुर्घटना में 17 लोगों की मौत हो गई थी. एक ही जगह पर बार-बार जानलेवा हादसे होना सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
केन्या के राष्ट्रीय परिवहन एवं सुरक्षा प्राधिकरण के मुताबिक, हाईवे के जिस हिस्से पर रविवार को हादसा हुआ, उसे पहले ही दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया था. प्राधिकरण ने यहां सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए कुछ सिफारिशें भी की थीं.
हालांकि, इस ताजा हादसे के बाद यह सवाल फिर उठ रहा है कि जब इस सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा पहले से पता था, तो उन्हें रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए थे. फिलहाल, पुलिस हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.