UPSSSC PET 2026 Exam Guidelines: यूपी पीईटी में जरा सी लापरवाही से रद्द हो सकती है उम्मीदवारी, OMR शीट में न करें ये गलतियां

UPSSSC PET 2026 Exam Guidelines: यूपी पीईटी में जरा सी लापरवाही से रद्द हो सकती है उम्मीदवारी, OMR शीट में न करें ये गलतियां


नई दिल्ली (UPSSSC PET 2026 Exam Guidelines). उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. आयोग के तय शेड्यूल के मुताबिक, यूपी पीईटी परीक्षा 25 से 30 अक्टूबर और फिर 1 नवंबर को अलग-अलग पालियों में होगी. उत्तर प्रदेश में ग्रुप ‘सी’ के हजारों पदों पर भर्ती का रास्ता इसी परीक्षा के स्कोरकार्ड से गुजरता है. इस बार यूपी पीईटी में अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा होने से कॉम्पिटीशन का लेवल भी ज्यादा है.

यूपी पीईटी परीक्षा हॉल में एंट्री से पहले आयोग के सख्त नियम समझना जरूरी है. ओएमआर शीट पर गलत गोला भरने या समय के बाद सेंटर पहुंचने जैसी छोटी-छोटी गलतियां आपकी सालभर की मेहनत पर पानी फेर सकती हैं. यूपी पीईटी परीक्षा 2026 की पहली पाली सुबह 10-12 और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी. जानिए यूपीएसएसएससी पीईटी परीक्षा में किन बातों का खास ख्याल रखना है. इन गाइडलाइंस को दिमाग में भरकर ही केंद्र जाएं.

यूपी पीईटी परीक्षा 2026 गाइडलाइंस

यूपी पीईटी परीक्षा शुरू होने से ठीक 2 घंटे पहले सेंटर पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं. सबसे अहम बात है कि परीक्षा शुरू होने से ठीक आधा घंटा पहले (यानी सुबह की शिफ्ट के लिए 9:30 बजे और दोपहर की शिफ्ट के लिए 2:30 बजे) परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद किसी भी स्थिति में एंट्री नहीं मिलेगी. इसलिए ट्रैफिक और रास्ते का अंदाजा लगाकर समय से पहले पहुंचना ही समझदारी है.

साथ रखें यूपी पीईटी एडमिट कार्ड और जरूरी पहचान पत्र

अपने साथ अपना प्रिंटेड एडमिट कार्ड और एक ओरिजिनल फोटो आईडी (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस) जरूर रखें. साथ ही इन डॉक्यूमेंट्स की एक-एक फोटोकॉपी और अपने दो नए पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखें. उनके पीछे आपका नाम, रोल नंबर और परीक्षा की तारीख साफ-साफ लिखी होनी चाहिए.

ओएमआर शीट भरते समय बरतें सावधानी

ओएमआर शीट ही आपके भाग्य का फैसला करती है. इसलिए इसे भरते समय जरा भी हड़बड़ी न करें:

  • प्रश्नपत्र का सही सीरियल नंबर ओएमआर शीट पर जरूर दर्ज करें, वरना कॉपी चेक नहीं होगी.
  • किसी भी गोले को आधा या अधूरा न भरें, वरना कंप्यूटर उसे रिजेक्ट कर देगा. गोले को पूरा गहरा काला या नीला करें.
  • एक सवाल के लिए सिर्फ एक ही गोला चुनें. एक से ज्यादा विकल्प चुनने पर उस प्रश्न का कोई नंबर नहीं मिलेगा.

नेगेटिव मार्किंग से बचकर चलें

यूपी पीईटी परीक्षा 2026 में 100 अंकों के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. इन्हें हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा. साथ ही इसमें नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है. हर गलत उत्तर के लिए एक-चौथाई (0.25) अंक काट लिए जाएंगे. इसलिए तुक्का लगाने से बचें और केवल वही सवाल अटेंप्ट करें, जिनका सटीक उत्तर आपको पता हो.

इन चीजों पर है सख्त बैन

परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना प्रतिबंधित है. अगर इनमें से कोई भी सामान आपके पास पाया गया तो आपकी उम्मीदवारी रद्द हो जाएगी. साथ ही आयोग की आगामी परीक्षाओं से भी हमेशा के लिए डिबार किया जा सकता है. नकल या अनुशासनहीनता पर प्रशासन बहुत सख्त है.

यूपी पीईटी परीक्षा से कहां नौकरी मिलेगी?

कई अभ्यर्थियों के मन में सवाल रहता है कि PET पास करने से क्या मिलता है? यह कोई सीधी भर्ती परीक्षा नहीं है, बल्कि ‘एलिजिबिलिटी टेस्ट’ है. इसके स्कोर (Percentile) के आधार पर ही यूपी सरकार के विभिन्न विभागों में आने वाली ग्रुप ‘सी’ की मुख्य परीक्षाओं, स्किल टेस्ट या शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PST) के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाता है. इसलिए जितना बेहतर स्कोर होगा, आने वाली भर्तियों में नौकरी पाने के मौके उतने ही ज्यादा मजबूत होंगे. नीला या काला बॉल पेन साथ रखें और पूरे कॉन्फिडेंस के साथ परीक्षा दें.



Source link