लखनऊ : उत्तर प्रदेश में भीनी-भीनी ठंड की शुरुआत हो चुकी है. अब सुबह-शाम पंखे बंद और कंबल ओढ़ना शुरू हो गया है. हालांकि, दोपहर में अभी भी हाल बुरे ही हैं. कई जगह तीखी धूप से लोग परेशान है. वैसे मौसम विभाग की मानें तो राज्य में एक बार फिर झमाझम बारिश होने की संभावना है. IMD के अनुसार, प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. इलाके में बारिश की भी संभावना जताई गई है. इस दौरान फलों के बागों और सब्जियों के खेतों को नुकसान से बचाने के लिए किसानों को सलाह दी गई है. अगर अपने शहर के मौसम का हाल जानना है तो पढ़िए ये खबर.
मौसम विभाग के मुताबिक, आज पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. वहीं 28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य स्थानों पर वज्रपात के साथ झोंकेदार हवाएं (30 से 40 से बढ़कर 50 किमी/घंटा) चलने की संभावनाएं हैं. इन दोनों दिन येलो अलर्ट है.
हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ
दरअसल, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव है. उत्तर-पूर्व बांग्लादेश और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है. वहीं आज यानी 24 अक्टूबर को नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है. वहीं, आज पश्चिमी यूपी और 28 अक्टूबर से पूर्वी यूपी में बेमौसम वर्षा के दौर की संभावना है. इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में झमाझम बारिश
यूपी के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर, बलिया और आस-पास के इलाकों में मेघगर्जन के साथ झोंकेदार हवाएं और बारिश का अलर्ट है. वहीं, 29 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया में भारी बारिश की आशंका है. वहीं, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश के आसार हैं.