Last Updated:
हैगली ओवल में खेले गए दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रनों का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन टीम इंडिया ने मैच के अंतिम ओवर में 1 गेंद शेष रहते 181 रन बनाकर जीत हासिल कर ली.
तिलक वर्मा, नमन धीर और नितीश रेड्डी की दमदार बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 में 4 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. मुकाबले में तिलक वर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतने के बाद न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 20 ओवरों में 180 रनों का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन मेजबान टीम के गेंदबाज इसे डिफेंड नहीं कर पाए.
न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करने उतरी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाई. संजू ने सिर्फ 14 रन बनाए, जबकि अभिषेक 27 रन बनाकर आउट हो गए. इन दोनों के विकेट गिरने के बाद ऐसा लगा कि मैच फंस गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
टीम इंडिया के लिए मुश्किलें तब और बढ़ गईं, जब तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे वैभव सूर्यवंशी भी सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. हालात तब और खराब हो गए, जब कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल भी सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए.
बैक-टू-बैक विकेट गिरने के बाद ऐसा लगा कि टीम इंडिया के हाथ से मैच फिसल गया है, क्योंकि आखिरी के तीन ओवरों में भारत को जीत के लिए 46 रन बनाने थे. हालांकि, क्रीज पर तिलक वर्मा और नितीश रेड्डी टिके हुए थे. ऐसे में दोनों ने मिलकर टीम इंडिया के लिए मोर्चा संभाल लिया.
मिचेल सैंटनर का स्पेल जैसे ही खत्म हुआ, न्यूजीलैंड की गेंदबाजी कमजोर पड़ गई. फिर क्या था, तिलक और नितीश ने मिलकर 18वें ओवर में 17 रन और 19वें ओवर में 18 रन बनाकर मैच को भारत के पक्ष में झुका दिया. दोनों ने मिलकर 12 गेंदों में 35 रन बटोरे.
ये दोनों ओवर टीम इंडिया के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुए. इसके बाद अंतिम ओवर में भारतीय टीम को जीत के लिए 11 रनों की जरूरत थी, जिसे टीम ने 1 गेंद शेष रहते ही बना लिया. इस तरह तिलक वर्मा 51 और नितीश रेड्डी 26 रन बनाकर नाबाद रहे.