Saif Ali Khan Attack Case: ‘1 करोड़ की डिमांड की थी’, सैफ अली खान अटैक केस में ट्रायल शुरू, नर्स ने कोर्ट में की मोहम्मद शरीफुल की पहचान

Saif Ali Khan Attack Case: ‘1 करोड़ की डिमांड की थी’, सैफ अली खान अटैक केस में ट्रायल शुरू, नर्स ने कोर्ट में की मोहम्मद शरीफुल की पहचान


नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में हुई घुसपैठ और हमले के मामले में सुनवाई शुरू हो चुकी है. इस केस की पहली गवाह नर्स ने अदालत में आरोपी मोहम्मद शरीफुल की पहचान कर ली है. नर्स ने कोर्ट को बताया कि वह पिछले पांच सालों से ज्यादा समय से सैफ अली खान और करीना कपूर खान के परिवार से जुड़ी हुई हैं और उनके छोटे बेटे जेह की देखभाल करती हैं. गवाही के दौरान नर्स ने साफ कहा कि जनवरी 2025 में यही शख्स जबरन सैफ और करीना के घर में दाखिल हुआ था.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट में अपनी गवाही के दौरान नर्स ने 15-16 जनवरी की उस रात का आंखों देखा हाल बयां किया, जब तड़के एक घुसपैठिया घर में घुस आया था और सैफ अली खान समेत कई लोगों पर हमला कर दिया था. पुलिस को दिए अपने पुराने बयान को दोहराते हुए नर्स बताया कि रात करीब 2 बजे किसी आहट से उसकी नींद खुली और उन्होंने देखा कि बाथरूम की लाइट जल रही है. उसे लगा कि शायद अंदर करीना कपूर हैं.

सैफ अली खान के बेटे जेह के कमरे में पहुंच गया था घुसपैठिया

इसके कुछ देर बाद जब नर्स कुछ गड़बड़ होने का अहसास हुआ और उसकी दोबारा आंख खुली, तो देखा कि कैप पहने हुए एक शख्स की परछाई जेह के बेड की तरफ बढ़ रही है. नर्स ने बताया कि वह तुरंत बच्चे को बचाने के लिए दौड़ीं. तभी घुसपैठिए ने उस पर हेक्सा ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे बचाव के दौरान उसकी दो उंगलियां गंभीर रूप से चोट लग गई.

मोहम्मद शरीफुल ने की थी 1 करोड़ की डिमांड

नर्स ने आगे बताया कि घुसपैठिए ने उन्हें चुप रहने की धमकी दी और कमरे से बाहर जाने से मना कर दिया. जब उससे पूछा गया कि उसे क्या चाहिए, तो उसने पैसों की मांग करते हुए कहा कि एक करोड़ रुपये चाहिए. इस हंगामे की आवाज से कमरे में मौजूद जेह की दूसरी नैनी की भी नींद खुल गई. गवाह ने बताया कि वह नैनी किसी तरह कमरे से बाहर निकलने में कामयाब रही और शोर मचाकर सबको इकट्ठा किया.

घुसपैठिए ने सैफ अली खान पर किया था हमला

इसके बाद सैफ अली खान और करीना कपूर शोर सुनकर तुरंत उस तरफ दौड़े. नर्स के बयान के मुताबिक, सैफ ने आगे बढ़कर उस घुसपैठिए का सामना किया और उससे पूछा कि वह कौन है और क्या चाहता है. इस भिड़ंत के दौरान आरोपी ने एक्टर पर भी हमला कर दिया. इसके बाद शोर-शराब सुनकर जब घर का एक अन्य स्टाफ मेंबर वहां पहुंचा, तो उस पर भी हमला किया.

सैफ अली खान को आई थीं गंभीर चोटें

इसके बाद सैफ अली खान ने सूझबूझ दिखाते हुए कुछ देर के लिए उस घुसपैठिए को काबू में कर लिया. इस दौरान परिवार के सभी सदस्य और अन्य स्टाफ एक दूसरे कमरे में गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, जबकि घर के बाकी कर्मचारी भी शोर सुनकर वहां पहुंच गए. मौका पाकर आरोपी मेन गेट से भागने में सफल रहा. इस झड़प में सैफ अली खान की पीठ, गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

अदालत ने ठुकराई आरोपी शरीफुल की मांग

अदालत द्वारा आरोपी मोहम्मद शरीफुल का गुनाह कबूल करने का दूसरा आवेदन ठुकराए जाने के बाद शुक्रवार से इस मामले का ट्रायल शुरू हो गया. 31 साल के आरोपी ने इससे पहले अगस्त में और फिर इस महीने की शुरुआत में खुद को दोषी बताने की कोशिश की थी, लेकिन कोर्ट ने दोनों ही बार उसकी अर्जी खारिज कर दी. आरोपी कथित तौर पर बांग्लादेशी नागरिक बताया जा रहा है. कोर्ट में कार्यवाही के दौरान पब्लिक प्रॉसिक्यूटर इकबाल सोलकर ने मुख्य गवाह नर्स से पूछताछ शुरू कर दी है, जो अगली सुनवाई में भी जारी रहेगी. जनवरी 2025 की इस घटना के सिलसिले में नर्स की यह गवाही ट्रायल का एक बहुत बड़ा और अहम कदम है, जिसके जरिए अभियोजन पक्ष ने अदालत के सामने अपना पूरा पक्ष रखना शुरू कर दिया है.



Source link