Aaj Ka MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी कई दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहा. प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में पिछले 7 से 8 दिनों तक मौसम बदला रहा. इस दौरान कई जिलों में बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी होती रही. अब मौसम में बदलाव के साथ रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर सबसे ज्यादा इंदौर और उज्जैन में देखने को मिला है. भोपाल और नर्मदापुरम के कुछ जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. वहीं, जबलपुर, रीवा और शहडोल में मौसम साफ रहा और धूप निकली.
5 जिलों में आंधी का अलर्ट
23 अक्टूबर को मौसम विभाग ने इंदौर के आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों के लिए अलर्ट जारी किया था. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी. इसके अलावा धार, हरदा और बैतूल में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला. कुछ जगहों पर आसमान में बादल छाए रहे, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई.
अब थमेगा बारिश का दौर
पश्चिमी मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश का दौर अब थम गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि, महीने के आखिरी सप्ताह में एक नए मौसम सिस्टम के कारण प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में दोबारा बारिश होने की संभावना है.
रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट
बारिश के बाद अब प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक कमी आने की संभावना है. प्रदेश में पहली बार न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. कटनी के करौंदी में 13.1 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक में 13 डिग्री और दमोह में 14.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
वहीं, दिन के तापमान में भी 1 से 2 डिग्री की गिरावट हुई है. कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में बारिश और ठंड, दोनों का असर देखने को मिल सकता है.