सूरत: वंदे भारत एक्सप्रेस पर बरसाए पत्‍थर, 3 शीशे हुए चकनाचूर, CCTV से हुई 3 आरोपियों की पहचान, अरेस्‍ट


Last Updated:

गुजरात के सूरत में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले तीन आरोपियों को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उदयपुर से सूरत आ रही ट्रेन के कोच सी-6 और पेंट्री कार पर 18 अक्टूबर की रात यह हमला हुआ था, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए थे. गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने किसी वारदात के मकसद से नहीं, बल्कि सिर्फ मजे के लिए चलती ट्रेन पर पत्थर बरसाए थे.

Top Deals Inside

वंदे भारत पर बरसाए पत्‍थर, 3 शीशे चकनाचूर, CCTV से हुई 3 की पहचान, अरेस्‍टZoom

मजे के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले तीन युवकों को अरेस्‍ट किया गया है. (Image: AI)

सूरत: गुजरात के सूरत में देश की हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है. हैरान करने वाली बात यह है कि इन आरोपियों ने किसी दुश्मनी या लूटपाट के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ मजे लेने के लिए चलती ट्रेन पर पत्थर बरसाए थे.

यह घटना 18 अक्टूबर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उत्राण और सूरत रेलवे स्टेशनों के बीच हुई थी. उदयपुर सिटी से सूरत आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस जब यहां से गुजर रही थी, तभी उसके कोच सी-6 और पेंट्री कार पर ताबड़तोड़ पत्थर फेंके गए.

इस हमले में ट्रेन की दो खिड़कियों के तीन शीशे बुरी तरह चकनाचूर हो गए. गनीमत यह रही कि इस पथराव में किसी भी यात्री और रेलकर्मी को चोट नहीं आई है.

सीसीटीवी फुटेज से खुले राज
घटना के बाद हरकत में आई रेलवे पुलिस ने जांच शुरू की. हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया. फुटेज की मदद से पुलिस ने शुक्रवार शाम तीनों आरोपियों को दबोच लिया. रेलवे पुलिस निरीक्षक दिनेश यादव के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के रहने वाले गोलू कुमार चौधरी (22), संदेश कुमार (18) और मंतोष मुखिया (18) के रूप में हुई है. ये तीनों पिछले दो सालों से रेलवे पटरी के पास ही स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे थे.

पुलिस की कड़ी कार्रवाई
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जो वजह बताई, उसने सबको अचंभा में डाल दिया. आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने सिर्फ मजे के लिए और अपना मनोरंजन करने के वास्ते ट्रेन पर पत्थर फेंके थे. पुलिस ने इन तीनों हुड़दंगियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.



Source link