Last Updated:
पंजाब के लुधियाना में आपसी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर शक्ति सिंह उर्फ भूरा पर तेजधार हथियारों से हमला किया और उसकी कलाई काट दी. इसके बाद आरोपी कटे हुए हाथ को लिफाफे में रखकर एक किराना दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से उसे युवक के घर पहुंचाने को कहा. गंभीर रूप से घायल शक्ति सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है.
पंजाब के लुधियाना में आपसी रंजिश के चलते एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है. हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला किया और उसकी कलाई काटकर अलग कर दी. इसके बाद आरोपी कटे हुए हाथ को लिफाफे में डालकर एक दुकानदार के पास पहुंच गए और कथित तौर पर कहा कि इसे युवक के घर पहुंचा देना. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
यब मामला लुधियाना स्थित रेडू साहिब गुरुद्वारे के नजदीक का बताया जा रहा है. घायल युवक की पहचान बसंत नगर निवासी शक्ति सिंह उर्फ भूरा के रूप में हुई है. उसकी उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है. इलाज के दौरान भूरा की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने पहले युवक के घर में घुसकर उस पर हमला किया. हमले के दौरान उसकी कलाई शरीर से अलग हो गई. इसके बाद आरोपी सतगुरु नगर की गली नंबर 9 स्थित राणा करियाना स्टोर पर पहुंचे और कटे हुए हाथ को लिफाफे में रखकर दुकानदार को दे दिया. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी आपसी रंजिश सामने आ रही है. घायल शक्ति सिंह उर्फ भूरा पर पहले से करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कही जा रही है. वहीं, पुलिस का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है. घायल शख्स को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने घटनास्थल और राणा करियाना स्टोर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, दुकान पर कटे हुए हाथ को पहुंचाने वाले आरोपी CCTV फुटेज में दिखाई दिए हैं. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है.