Last Updated:
पानी पुरी खाने के शौकीन लोगों के लिए बोकारों में एक ऐसा स्टॉल खुला है जहां एक से बढ़कर एक फ्लेवर वाला जलजीरा मिलता है. खास बात यह भी है कि यहां आपको बार-बार बताना नहीं है कि किस फ्लेवर का आपको जलजीरा चाहिए. यहां आप खुद से ऑटोमैटिक मशीन के जरिए अपना पसंदीदा स्वाद वाला जलजीरा ले सकते हैं.
कैलाश कुमार/बोकारो: अगर आप पानी पुरी खाने के शौकीन हैं और साफ-सफाई के साथ अलग-अलग फ्लेवर का स्वाद लेना चाहते हैं, तो बोकारो के सेक्टर-2 स्थित नेचुरल पानी पुरी स्टॉल आपके लिए खास जगह हो सकती है. यह स्टॉल सात अलग-अलग फ्लेवर वाले पानी पुरी के लिए मशहूर है. यहां आप महज 20 रूपये में सात पीस पानी पुरी का आनंद ले सकते हैं. स्टॉल के संचालक रोशन मीजं ने बताया कि उन्हें पानी पुरी खाना काफी पसंद था, लेकिन आसपास साफ-सुथरा पानी पुरी नहीं मिलने से उनके मन में कुछ अलग करने का विचार आया. इसी दौरान उन्होंने बेंगलुरु में ऑटोमेटिक पानी पुरी का कॉन्सेप्ट देखा. इसके बाद इस तरह का स्टॉल शुरू करने का फैसला किया. उन्होंने यूट्यूब के जरिए इसकी जानकारी जुटाई और अपने दोस्त की मदद से बोकारो में यह खास स्टॉल तैयार किया और अब सफलता पूर्वक इसे चला रहे हैं.
इस स्टॉल की सबसे बड़ी खासियत यहां मिलने वाली सात तरह की पानी पुरी है. ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार इमली, जलजीरा, खट्टा-मीठा, पुदीना, हाजमा, हींग और दही के फ्लेवर का स्वाद ले सकते हैं. महज 20 रुपये में सात पीस पानी पुरी मिलने के कारण यह स्टॉल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहा है. यहां ग्राहकों को अपनी पसंद का फ्लेवर चुनने का मौका मिलता है.
संचालक रोशन मीजं ने बताया कि इस स्टॉल पर पानी पुरी की स्टफिंग तैयार करते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है. आलू की स्टफिंग को ग्लव्स पहनकर तैयार किया जाता है. इसके बाद ग्राहकों को प्लेट में पूरी और आलू की स्टफिंग दी जाती है. ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार फ्लेवर चुनते हैं और मशीन के पास जाकर पानी पुरी में अपनी पसंद का पानी भरते हैं. इस तरह ग्राहक अपने पसंदीदा पानी के साथ पानी पुरी का आनंद लेते हैं.
संचालक ने बताया कि इस ऑटोमेटिक पानी पुरी स्टॉल को तैयार करने में करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत आई है. उनके मुताबिक, स्टॉल पर रोजाना लगभग 200 प्लेट पानी पुरी की खपत होती है. इनमें खट्टा-मीठा फ्लेवर ग्राहकों के बीच सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. यहां ग्राहक शाम चार बजे से पानी पुरी का स्वाद लेने पहुंच सकते हैं.
स्टॉल पर पानी पुरी खाने पहुंचीं ग्राहक सोनम ने बताया कि यहां पानी पुरी बनाने और परोसने का तरीका उन्हें काफी पसंद आया. उनके मुताबिक, यहां साफ-सफाई का ध्यान रखा जाता है और ऑटोमेटिक मशीन के जरिए अपनी पसंद का फ्लेवर चुनने का कॉन्सेप्ट भी काफी नया है. यही वजह है कि वह यहां आकर पानी पुरी खाना पसंद करती हैं.