Last Updated:
Tiger Shroff Firing Case Update: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किए गए एक कथित शूटर ने पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है. आरोपी के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग टाइगर श्रॉफ से इसलिए बदला लेना चाहता था क्योंकि टाइगर ने साल 2022 में एक फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान खान की तारीफ की थी.
टाइगर श्रॉफ केस में दिल्ली पुलिस ने एक्शन लिया है. (File Photo)
नई दिल्ली. बॉलीवुड में सितारों के बीच दोस्ती और तारीफ के किस्से तो आपने खूब सुने होंगे लेकिन क्या किसी सुपरस्टार की तारीफ करना दूसरे सितारे के लिए मुसीबत बन सकता है? टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में एक ऐसा ही चौंकाने वाला दावा सामने आया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है. पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार एक कथित शूटर ने हमले की वजह को लेकर ऐसी बात बताई है, जिसका कनेक्शन सीधे सलमान खान से जुड़ता है. बताया जा रहा है कि साल 2022 में टाइगर ने एक फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान की तारीफ में कुछ ऐसा कहा था, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. अब दावा किया जा रहा है कि उसी बयान को लेकर बदला लेने की बात कही गई थी. आखिर टाइगर के उस बयान में ऐसा क्या था, जिससे यह पूरा मामला जुड़ रहा है? हालांकि, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये मामला साल 2022 का है, जब टाइगर श्रॉफ अपनी फिल्म ‘हीरोपंती 2’ के प्रमोशन में जुटे थे. फिल्म ईद के मौके पर रिलीज होने वाली थी. इसी दौरान उनसे सलमान खान की फिल्मों की ईद पर रिलीज होने की परंपरा को लेकर सवाल पूछा गया था.
टाइगर ने क्या दिया जवाब
सवाल के जवाब में टाइगर ने कहा था, ‘इस इंडस्ट्री में एक ही टाइगर है और वो हैं सलमान सर. उनके सामने मैं तो बस एक बिल्ली हूं. मैं सिम्बा हूं, एक छोटा टाइगर.’ उनका यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.
आरोपी ने पूछताछ में क्या बताया?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार कथित शूटर फूल सिंह ने पूछताछ में कहा कि उसे हमले की वजह के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. हालांकि, कथित साजिशकर्ता अनिल पंडित ने उसे बताया था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग टाइगर के उस बयान का बदला लेना चाहता है. पुलिस के मुताबिक, इस दावे की जांच की जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि फायरिंग के पीछे यही वजह थी या इसके अलावा भी कोई कारण था.
सलमान खान से जुड़े लोगों को पहले भी मिली धमकियां
रिपोर्ट के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पहले भी सलमान खान और उनसे जुड़े लोगों को धमकियां देने के मामलों में चर्चा में रहा है. गैंग की तरफ से सलमान से 1998 के काले हिरण शिकार मामले को लेकर माफी मांगने की मांग भी की जाती रही है. टाइगर श्रॉफ और उनके पिता जैकी श्रॉफ ने धमकी मिलने से इनकार किया है. फिल्ममेकर रोहित शेट्टी ने भी धमकी मिलने की बात से इनकार किया था. रणवीर सिंह, आमिर खान और आयुष शर्मा जैसे सितारों को भी कथित तौर पर धमकियां मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं.
क्या बॉलीवुड को डराने की कोशिश हो रही है?
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी हस्तियों पर हमले और धमकियां किसी बड़ी योजना का हिस्सा हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि ऐसे हमलों का मकसद बॉलीवुड में डर पैदा करना और गैंग को चर्चा में लाना हो सकता है.