कैसे दबोचा गया हिमांशु भाऊ, FBI को कहां से मिला इनपुट? इनसाइड स्‍टोरी – gangster himanshu bhau arrest inside story america fbi haryana stf 50 fir


होमताजा खबरदेश

कैसे दबोचा गया हिमांशु भाऊ, FBI को कहां से मिला इनपुट? इनसाइड स्‍टोरी

Last Updated:

Gangster Himanshu Bhau Arrest: दिल्‍ली-एनसीआर का दाऊद इब्राहिम कहा जाने वाला हिमांशु भाऊ अमेरिका में अरेस्‍ट हो गया है. उसपर हत्‍या, फिरौती, धमकी, फायरिंग जैसे दर्जनों मामले दर्ज हैं. अब उसके अरेस्‍ट की इनसाइड स्‍टोरी सामने आई है.

Top Deals Inside

कैसे दबोचा गया हिमांशु भाऊ, FBI को कहां से मिला इनपुट? इनसाइड स्‍टोरीZoom

Gangster Himanshu Bhau Arrest: गैंगस्‍टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ दर्जनों केस हैं. (फाइल फोटो)

Gangster Himanshu Bhau Arrest: विदेश में बैठकर भारत में गैंग चलाने वाले गैंगस्‍टर्स पुलिस के साथ ही जांच एजेंसियों के लिए भी नासूर बन चुके हैं. हाल में ही लॉरेंश बिश्‍नोई गैंग के गुर्गों ने बॉलीवुड एक्‍टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कर सनसनी मचा दी थी. बताया जाता है कि आरोपियों को विदेश में बैठा अनिल पंडित कंट्रोल कर रहा था. हिमांशु भाऊ भी विदेश में बैठकर भारत में अपना गैंग ऑपरेट कर रहा है. उसपर हत्‍या के साथ ही हत्‍या का प्रयास, फिरौती, धमकी देने और घरों पर फायरिंग करने से जुड़े दर्जनों मामले दर्ज हैं. हिमांशु भाऊ के खौफ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसे दिल्‍ली-एनसीआर और हरियाणा का दाऊद इब्राहिम कहा जाता है. हिमांशु भाऊ गैंग ने एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करवाई थी. अब वही कुख्‍यात हिमांशु भाऊ अमेरिका के लास वेगास में गिरफ्तार हो चुका है. उसके गिरफ्तारी की इनसाइड स्‍टोरी सामने आई है. हिमांशु भाऊ को लॉरेंस बिश्‍नोई का कट्टर दुश्‍मन माना जाता है.

जानकारी के अनुसार, अमेरिका के लास वेगास में कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को गिरफ्तार किया गया है. हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) की मदद से यह कार्रवाई की गई. हरियाणा एसटीएफ अब केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर हिमांशु भाऊ को भारत प्रत्यर्पित कराने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में है. अमेरिका में आईसीई के तहत काम करने वाली एन्फोर्समेंट एंड रिमूवल ऑपरेशंस (ईआरओ) डिवीजन इमिग्रेशन कानूनों के उल्लंघन के मामलों में हिरासत और देश से निष्कासन की कार्रवाई करती है. हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी के बाद अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया पर नजर है.

हिमांशु भाऊ पर 50 मामले दर्ज

हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला हिमांशु भाऊ अपराध की दुनिया में करीब 17 साल की उम्र में आया था. उसे बचपन में बाल सुधार गृह भेजा गया था. बताया जाता है कि वह करीब 20 अन्य लड़कों के साथ वहां से फरार हो गया था. उसके खिलाफ हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत करीब 50 मामले दर्ज हैं. दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के मामलों में भी उसका नाम सामने आया है. हिमांशु भाऊ के खिलाफ वर्ष 2023 में इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था. उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था. वह पहले पुर्तगाल भागा और बाद में अमेरिका में रहकर भारत में अपना गिरोह चलाने लगा था.

एल्विश यादव के घर के बार फायरिंग

हिमांशु भाऊ का नाम हरियाणा में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं, अभिनेता एल्विश यादव के घर के बाहर गोलीबारी, बर्गर किंग रेस्तरां में हुई हत्या और कई जिम संचालकों से रंगदारी मांगने के मामलों में सामने आया है. वर्ष 2022 में हुई कुछ वारदातों की जिम्मेदारी लेने का दावा भी उससे जुड़ा रहा है. बताया जाता है कि हिमांशु भाऊ नीरज बवाना और बंबीहा गिरोह के करीब रहा है, जबकि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह से उसकी दुश्मनी रही है. उसकी गिरफ्तारी को भारत में उसके खिलाफ दर्ज मामलों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.



Source link