Last Updated:
Sharad Purnima 2026: इस साल शरद पूर्णिमा 25 अक्टूबर को है. इस रात चंद्रमा की किरणों का विशेष महत्व शास्त्रों में बताया गया है. शरद पूर्णिमा पर अगर कुछ विशेष वस्तुओं का दान-पुण्य किया जाए, तो मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है.
उज्जैन. हिंदू धर्म में शरद पूर्णिमा को दान-पुण्य और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए बेहद खास माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन किए गए धार्मिक कार्य जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता लेकर आते हैं. इस बार शरद पूर्णिमा पर बन रहे शुभ संयोग के कारण तिथि का महत्व और बढ़ गया है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, इस दिन जरूरतमंदों को कुछ विशेष वस्तुओं का दान करना बेहद फलदायी माना जाता है. मान्यता है कि चार खास चीजों का दान करने से जीवन की परेशानियां कम करने और आर्थिक खुशहाली की कामना की जा सकती है.
वैदिक पंचांग के अनुसार, अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 25 अक्टूबर, दिन रविवार को सुबह 11 बजकर 55 मिनट से शुरू होगी. वहीं इसका समापन 26 अक्टूबर, दिन सोमवार को सुबह 9 बजकर 41 मिनट पर होगा. उदयातिथि के अनुसार, पूर्णिमा का स्नान और दान 26 अक्टूबर को किया जाएगा जबकि चंद्रमा की रोशनी में खीर रखने और शरद पूर्णिमा का पर्व 25 अक्टूबर की रात मनाया जाएगा. शरद पूर्णिमा पर आप रात 9 बजे के बाद खीर को चंद्रमा की चांदनी में रखें. खीर को इस तरह से रखें कि उसमें चंद्रमा की किरणें पड़ें.
जरूर करें इन चार चीजों का दान
दूध का दान- शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर दूध का दान करना बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और आर्थिक तंगी दूर होती है. दूध का दान एक सरल लेकिन प्रभावशाली उपाय है, जिससे मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में बरकत का आगमन होता है.
वस्त्र का दान- शरद पूर्णिमा के दिन वस्त्रों का दान करना बेहद शुभ माना जाता है. इस दिन जरूरतमंदों को कपड़े दान करने से न सिर्फ पुण्य मिलता है बल्कि आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है. मान्यता है कि ऐसा करने से धन में वृद्धि होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. साथ ही समाज में मान-सम्मान भी बढ़ता है.
अन्न का दान- शास्त्रों में अन्नदान को सबसे बड़ा दान बताया गया है. शरद पूर्णिमा के दिन अन्न का दान करने से घर में कभी अन्न की कमी नहीं रहती और सुख-समृद्धि बनी रहती है. मान्यता है कि इससे व्यक्ति की प्रतिष्ठा भी बढ़ती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. यह दान बेहद पुण्यदायी माना गया है.
गुड़ का दान- शरद पूर्णिमा के दिन गुड़ का दान करना भी बेहद शुभ और फलदायी माना गया है. मान्यता है कि इससे भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं. गुड़ का दान करने से आर्थिक परेशानियां धीरे-धीरे दूर होने लगती हैं और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है. मां लक्ष्मी की कृपा से धन-धान्य में वृद्धि होती है और जीवन खुशहाल बनता है.