नई दिल्ली (Future Proof Skills In AI Era). इन दिनों हर क्षेत्र में बस एक ही डर है- क्या AI हमारी नौकरी खा जाएगा? सुबह उठते ही किसी न किसी नई टेक्नोलॉजी या ऑटोमेशन टूल की खबर मिल जाती है. ये इंसानों की तरह चुटकियों में काम कर देते हैं. डेटा एंट्री, बेसिक कोडिंग, कंटेंट राइटिंग और कस्टमर सपोर्ट जैसे कई काम अब सॉफ्टवेयर करने लगे हैं. ऐसे में अच्छे-अच्छे प्रोफेशनल्स के माथे पर शिकन आनी लाजिमी है कि कहीं टेक्नोलॉजी उन्हें रिप्लेस न कर दे.
नौकरी बचाने के लिए आज ही सीख लें ये स्किल्स
एआई के दौर में नौकरी जाने का डर सता रहा हो तो कुछ स्किल्स अपग्रेड करके इस खौफ को दूर भगा सकते हैं. कुछ ह्यूमन स्किल्स को ऑटोमेशन भी छू नहीं सकता.
1. सीखें प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और AI का सही इस्तेमाल
कंप्यूटर साइंस की भाषा में एक कहावत बहुत मशहूर है- AI आपकी नौकरी नहीं लेगा, बल्कि वह इंसान ले लेगा जिसे AI चलाना आता है. अगर आप कंटेंट राइटर, डिजाइनर या डेटा एनालिस्ट हैं तो एआई टूल्स से डरने के बजाय उनसे दोस्ती कर लीजिए. चैटजीपीटी या अन्य जेनरेटिव एआई से सही आउटपुट निकलवाने की कला (Prompt Engineering) सीखें. जब आप 1 घंटे का काम एआई की मदद से 10 मिनट में करने लगेंगे तो कंपनी आपको कभी नहीं निकालेगी.
2. ‘क्रिटिकल थिंकिंग’ और प्रॉब्लम सॉल्विंग पर फोकस
मशीनें वही करती हैं जो उन्हें डेटा के जरिए सिखाया जाता है. वे खुद से तय नहीं कर सकती हैं कि किसी अजीबोगरीब या नए संकट के समय तुरंत क्या फैसला लिया जाए. यहीं पर क्रिटिकल थिंकिंग काम आती है. जब कंपनी के सामने कोई बड़ा बिजनेस क्राइसिस आता है तो मैनेजमेंट किसी सॉफ्टवेयर से सलाह नहीं मांगता. उस समय वह एक काबिल इंसान की तलाश करता है जो आउट ऑफ द बॉक्स जाकर कुछ क्रिएटिव सोचे और नया रास्ता निकाल सके.
3. ‘इमोशनल इंटेलिजेंस’ (EQ) है सबसे बड़ा हथियार
आप किसी क्लाइंट को हैंडल कर रहे हों या अपनी टीम को लीड कर रहे हों, एरिथ्मेटिक डेटा से ज्यादा काम भावनाएं और आपसी समझ आती है. सामने वाले का मूड भांपना, उसकी अनकही परेशानियों को समझना और नेगोशिएट करना बेहतरीन लीडर की खूबी होती है. कोई भी रोबोट या एल्गोरिदम इंसानी भावनाओं की गहराई को नहीं समझ सकता. ऑफिस में ‘अच्छा कम्युनिकेटर’ और ‘सहानुभूति रखने वाला साथी’ बनना आपको हमेशा भीड़ से अलग रखेगा.
4. हमेशा कुछ नया सीखने की जिद (Continuous Learning)
अब वो जमाना गया जब एक बार डिग्री मिलने के बाद जिंदगीभर एक ही रपटे पर काम चलता रहता था. आज के तेजी से बदलते मार्केट में ‘अपस्किलिंग’ (Upskilling) ही सफलता की एकमात्र और सबसे सटीक कुंजी है. महीने में कम से कम एक नई स्किल या इंडस्ट्री का कोई नया ट्रेंड जरूर सीखें. चाहे वो बेसिक डेटा विजुअलाइजेशन हो, डिजिटल मार्केटिंग का कोई नया अपडेट हो या प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की कोई टेक्नोलॉजी, खुद को हमेशा ‘मार्केट-रेडी’ रखें.
टिप: रिज्यूमे में सिर्फ टेक्निकल स्किल्स की लंबी लिस्ट मत रखिए, दिखाइए कि आपने किसी मुश्किल प्रोजेक्ट को अपनी सूझबूझ और टीम वर्क से कैसे सफल बनाया था. कंपनियां ‘डिग्री’ से ज्यादा ‘रिजल्ट देने की क्षमता’ को तवज्जो देती हैं. अपनी नौकरी को लेकर इनसिक्योर होने की जरूरत नहीं है. बस अपनी भूमिका को थोड़ा बदलिए- सिर्फ ‘डूअर’ (काम करने वाला) बनने के बजाय ‘थिंकर और स्ट्रैटेजिस्ट’ बनिए. अगर कंपनी के लिए आपके बिना बड़े फैसले लेना मुश्किल हो जाएगा तो यकीन मानिए आपकी नौकरी कोई नहीं ले सकता.